छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की 10वीं कक्षा की छात्रा महिमा राजपूत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्रा महिमा का चयन अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन 'ShaktiSAT' के लिए हुआ है। अब वह 108 देशों की छात्राओं के साथ मिलकर सैटेलाइट निर्माण परियोजना में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ऑनलाइन चयन प्रक्रिया में हासिल की सफलता
महिमा राजपूत ने बताया कि उन्होंने ShaktiSAT मिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद लिखित परीक्षा और इंटरव्यू सहित कई चरणों की चयन प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी। सभी चरण सफलतापूर्वक पार करने के बाद वह नेशनल फाइनलिस्ट बनीं और अब अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन का हिस्सा बनने जा रही हैं।
दिल्ली में मिलेगी स्पेस साइंस की विशेष ट्रेनिंग
महिमा अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली आठ दिवसीय ShaktiSAT Workshop में हिस्सा लेंगी। इस दौरान उन्हें स्पेस साइंस, सैटेलाइट टेक्नोलॉजी, मिशन प्लानिंग और वैज्ञानिक प्रयोगों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी। विशेषज्ञों की देखरेख में छात्राएं वास्तविक स्पेस प्रोजेक्ट पर काम करेंगी।
108 देशों की छात्राएं मिलकर बनाएंगी दो सैटेलाइट
23 अगस्त से शुरू होने वाली इस वर्कशॉप में दुनिया के 108 देशों की छात्राएं भाग लेंगी। सभी छात्राएं मिलकर दो सैटेलाइट तैयार करेंगी। इनमें से एक सैटेलाइट को चंद्रमा की कक्षा (Moon Orbit) में भेजा जाएगा, जबकि दूसरा चंद्रमा की सतह पर लैंड करने के लिए तैयार किया जाएगा। इन सैटेलाइट्स का प्रस्तावित लॉन्च अक्टूबर 2026 में श्रीहरिकोटा स्थित ISRO लॉन्च पैड से किया जाएगा।
IAS बनना है महिमा का सपना
महिमा ने बताया कि उन्हें पेंटिंग और स्टोरी राइटिंग का शौक है। भविष्य में वह भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाकर देश की सेवा करना चाहती हैं। उनके पिता निजी नौकरी करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। महिमा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को दिया है।
टीचर और स्कूल का मिला पूरा सहयोग
महिमा ने कहा कि उनकी शिक्षिका योगेश्वरी लहरी ने चयन प्रक्रिया और इंटरव्यू की तैयारी में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। वहीं विद्यालय की प्राचार्य जॉली साहू और स्कूल प्रबंधन ने भी हर कदम पर उनका सहयोग किया। महिमा का मानना है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर सरकारी स्कूलों के छात्र भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
क्या है ShaktiSAT Mission?
ShaktiSAT एक अंतरराष्ट्रीय स्पेस एजुकेशन प्रोग्राम है, जिसका उद्देश्य दुनिया भर की छात्राओं को स्पेस साइंस, सैटेलाइट टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और STEM शिक्षा से जोड़ना है। इस मिशन के जरिए छात्राओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि वास्तविक स्पेस प्रोजेक्ट्स पर काम करने का भी अवसर दिया जाता है।
