चंदौली जिले में जनता से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी 19 जून (शुक्रवार) को सुबह 10 बजे जिला मुख्यालय स्थित DM कार्यालय, विच्छिया में महाधरना आयोजित करेगी। सैयदराजा विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस महाधरने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारी तेज कर दी है। पार्टी का दावा है कि लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं के समाधान के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। धरने में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी।

धरना प्रदर्शन पोस्टर Source : Kalamlok
मनोज सिंह के नेतृत्व में लगातार उठ रहे जनहित के मुद्दे
समाजवादी पार्टी के नेता मनोज सिंह क्षेत्र की समस्याओं को लगातार प्रमुखता से उठा रहे हैं। चाहे गंगा कटान का मामला हो, किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग हो या फिर बिजली और रोजगार से जुड़े मुद्दे, वे लगातार जनता की आवाज प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि महाधरना इन्हीं जनसमस्याओं को लेकर जनदबाव बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम को मिलेगी मजबूती
मनोज सिंह के अनुसार महाधरना में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, पूर्व विधायक, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सरकार और प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए ज्ञापन भी सौंपा जा सकता है।
इन 5 प्रमुख मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन
पानी टंकी ऑपरेटरों के वेतन में वृद्धि
धरने की प्रमुख मांगों में पानी टंकी ऑपरेटरों का मासिक वेतन ₹6500 से बढ़ाकर ₹12000 करने की मांग शामिल है। पार्टी का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान मानदेय पर्याप्त नहीं है।
गंगा कटान का स्थायी समाधान
गंगा किनारे बसे गांवों में लगातार हो रहे कटान को लेकर भी पार्टी आंदोलन करेगी। सपा का कहना है कि हर वर्ष होने वाले नुकसान को रोकने के लिए स्थायी समाधान आवश्यक है।
अमड़ा में 220 केवी पावर हाउस का निर्माण
क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए अमड़ा में 220 केवी पावर हाउस की स्थापना की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।
स्मार्ट मीटर व्यवस्था का विरोध
सपा ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को बंद करने और उपभोक्ताओं से वसूले गए कथित ₹50 करोड़ वापस करने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता में व्यापक असंतोष है।
नहरों में पानी छोड़ने की मांग
किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं को देखते हुए नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग भी महाधरना का प्रमुख मुद्दा रहेगी।
महाधरना 19 जून को सुबह 10 बजे विच्छिया स्थित DM कार्यालय परिसर में आयोजित होगा। समाजवादी पार्टी ने आम जनता, किसानों, कर्मचारियों और समर्थकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
