पटना: देशभर में पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर चल रही बहस के बीच अब पटना यूनिवर्सिटी की एलएलबी प्रवेश परीक्षा भी विवादों में आ गई है। शनिवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा के दौरान एक छात्र पर परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन ले जाकर प्रश्नपत्र की तस्वीर खींचने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन हरकत में आ गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जबकि जिस छात्र पर प्रश्नपत्र वायरल करने का आरोप है, वह परीक्षा केंद्र से फरार बताया जा रहा है।
परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ प्रश्नपत्र
जानकारी के अनुसार, पटना यूनिवर्सिटी की एलएलबी प्रवेश परीक्षा शनिवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विश्वविद्यालय के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसी दौरान पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र से दोपहर करीब 12:02 बजे सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र वायरल होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और परीक्षा केंद्र के अधिकारी सक्रिय हो गए और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
जैमर बंद होने पर उठे सवाल, मोबाइल की हुई जांच
बताया जा रहा है कि जिस समय प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, उस समय परीक्षा केंद्र पर लगा जैमर बंद था। सूचना मिलने के बाद तत्काल जैमर चालू कराया गया। पटना विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. बी.के. लाल ने बताया कि प्रश्नपत्र सोशल मीडिया तक जरूर पहुंचा, लेकिन उसका उत्तर परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं पहुंच पाया। इसके चलते फिलहाल परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने के कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर मौजूद छात्रों के मोबाइल फोन की भी जांच की गई, हालांकि किसी भी मोबाइल में वायरल प्रश्नपत्र नहीं मिला।
आरोपी छात्र फरार, जांच में जुटा विश्वविद्यालय प्रशासन
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, जिस छात्र पर प्रश्नपत्र की तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप है, वह परीक्षा केंद्र से फरार हो गया। उसका मोबाइल फोन जब्त किए जाने की भी सूचना है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र किस तरह परीक्षा केंद्र से बाहर पहुंचा और सोशल मीडिया पर कैसे वायरल हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पेपर लीक की बहस के बीच बढ़ी चिंता
हाल के दिनों में देशभर में कई प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक और प्रश्नपत्र वायरल होने के मामलों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे समय में पटना यूनिवर्सिटी की एलएलबी प्रवेश परीक्षा के दौरान सामने आया यह मामला सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
