1पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बीच सड़क एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने सड़क पर खड़े प्रॉपर्टी डीलर शुभम यादव को चार गोलियां मार दीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना ऐसे समय हुई, जब पटना एसएसपी जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। गोली लगने से घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था युवक, तभी पहुंच गए बदमाश

घटना रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर ज्योतिष बाबा रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक शुभम यादव अपने घर के बाहर सड़क पर खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बाइक से उतरते ही बदमाशों ने शुभम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद शुभम सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर बाइक से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल शुभम को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था शुभम

परिजनों के मुताबिक शुभम यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और इलाके में जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा हुआ था। परिवार का कहना है कि शुभम की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिजनों के अनुसार, हमले में शुभम को चार गोलियां लगी हैं और दो गोलियां अभी भी उसके शरीर में फंसी हुई हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है और परिजन हमले की वजह को लेकर भी हैरान हैं। पुलिस फिलहाल सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

CCTV में कैद हुई फायरिंग की वारदात

युवक पर हुए हमले का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फुटेज में बाइक सवार तीन आरोपी दिखाई दे रहे हैं, जो शुभम पर फायरिंग करने के बाद मौके से फरार होते नजर आ रहे हैं। पुलिस आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान के साथ उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान गोलीबारी से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

SSP की क्राइम मीटिंग के दौरान हुई वारदात

इस घटना ने पुलिस की अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय यह वारदात हुई, उसी दौरान पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा सभी अनुमंडलों और जिले के थानेदारों के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक कर रहे थे। इसी बीच राजधानी में अपराधियों ने सड़क पर युवक को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल पुलिस शुभम पर हमले की वजह, आरोपियों की पहचान और वारदात के पीछे की पूरी कहानी का पता लगाने में जुटी है।