बीजेपी विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर हमल Source : ABP NEWS
पटना: राजधानी पटना में छात्र प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब भाजपा विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया। घटना डाकबंगला चौराहे के पास हुई, जहां विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल होने जा रहे विधायक की कार को कुछ प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। इस दौरान गाड़ी पर हमला किया गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डाकबंगला चौराहे पर विधायक की गाड़ी बनी निशाना
बुधवार को छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध मार्च निकाला था। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा विधायक विनय बिहारी डाकबंगला चौराहे से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ छात्रों ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन आगे बढ़ता रहा। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी पर हमला कर दिया और मौके पर जमकर हंगामा हुआ।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया, लेकिन इसके बावजूद कई प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए।
विधायक ने सदन में उठाया मामला, दूसरी जगह भी वाहन पर हमला
घटना के समय विनय बिहारी अपनी गाड़ी में ही मौजूद थे। हालांकि उन्हें किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं आई। बाद में उन्होंने विधानसभा में इस घटना का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी के शीशे तोड़े गए और वाहन में तोड़फोड़ की गई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इधर, एक अन्य घटना में पटना के तारामंडल इलाके में भी भाजपा से जुड़े एक नेता की गाड़ी पर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई। भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान वाहन को नुकसान पहुंचाया गया और उसमें सवार कुछ लोग घायल भी हुए। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
