NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मंगलवार को अलग अंदाज में संसद पहुंचे। उनके सिर पर पट्टी बंधी थी, एक हाथ पर प्लास्टर चढ़ा था और हाथ में लाठी थी।
Pappu Yadav Protest: सिर पर पट्टी, हाथ में प्लास्टर और लाठी लेकर संसद पहुंचे पप्पू यादव, छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर साधा निशानाSource : Instagram
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ उनका विरोध है। उन्होंने कहा कि आज छात्रों और विपक्ष के नेताओं के साथ यही सब किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में छात्रों पर AK-47 से फायरिंग की जा रही है। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे धर्मेंद्र प्रधान को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में जुल्म की सारी हदें पार हो चुकी हैं। साथ ही उन्होंने राजस्थान में पेपर लीक की घटना का भी जिक्र किया।
पप्पू यादव ने कहा कि बेटियों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव जैसे नेताओं को भी पुलिस ने नहीं छोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ छात्रों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि दूसरी ओर दोषियों का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मिथिला के सम्मान को भी ठेस पहुंचाई गई है।
AK-47 फायरिंग की जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से हुई फायरिंग की जांच की मांग की है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि निर्दोष छात्रों पर गोली चलाई गई, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
तेजस्वी यादव ने कहा कि किसी आंदोलन में पहली बार AK-47 का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि गोलियां हवा में नहीं, बल्कि छात्रों की ओर चलाई गईं। सरकार ने छात्रों की रिहाई का आदेश तो दे दिया, लेकिन यह नहीं बताया कि फायरिंग के लिए जिम्मेदार अधिकारी पर क्या कार्रवाई की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर AK-47 से फायरिंग हुई।
उन्होंने कहा कि किसी सिपाही की इतनी हैसियत नहीं होती कि वह अपने स्तर पर AK-47 से फायरिंग कर दे, इसलिए किसी एक जवान को बलि का बकरा नहीं बनाया जाना चाहिए।
सम्राट सरकार के 100 दिन पर हमला
सम्राट चौधरी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार बताए कि उसने इन 100 दिनों में क्या काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी बिना किसी प्रोटोकॉल के निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा काफिला तो किसी राज्य के मुख्यमंत्री का भी नहीं होता, जितना सम्राट चौधरी की पत्नी के साथ देखा गया।
बिहार को पुलिसिया राज बनाने का आरोप
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार बिहार को पुलिसिया गुंडाराज बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि समझौता होने के बावजूद सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया गया। परीक्षा देने जा रहे छात्रों तक को हिरासत में लिया गया और उन पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि छात्रों को गोलियां और मुकदमे दिए जा रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि अगर छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो उनकी पार्टी आंदोलन करेगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब बीजेपी किसानों को ठग सकती है तो छात्रों और महिलाओं को भी ठग सकती है। महिलाओं से एक लाख रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं किया गया।
25 जुलाई की फायरिंग की तीन तस्वीरें
भीड़ की ओर AK-47 से हुई फायरिंग
छात्र संगठनों के बिहार बंद और विरोध-प्रदर्शन के दौरान सीवान में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान प्रदर्शन के बीच एसपी पूरन झा के बॉडीगार्ड ने भीड़ की दिशा में AK-47 से फायरिंग कर दी, जिसका वीडियो भी सामने आया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और बल प्रयोग को लेकर सवाल उठने लगे। मामला बढ़ने पर पुलिस मुख्यालय ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तलब कर ली।
प्रारंभिक जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो घंटे तक चला पथराव और लाठीचार्ज
25 जुलाई को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब दो घंटे तक जमकर पथराव और लाठीचार्ज हुआ। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारी गांधी मैदान में बने मंच पर चढ़ गए थे। वहां से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े और फिर लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से निकलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में फैल गए। इस दौरान हुए पथराव में एसपी पूरन झा के हाथ में भी चोट आई।
फायरिंग में तीन छात्र हुए घायल
सीवान में हुई फायरिंग में तीन छात्र घायल हुए। इनमें दो छात्रों की गर्दन को छूते हुए गोली निकल गई, जबकि एक छात्र की जांघ में गोली फंस गई।
गर्दन में गोली लगने से एक छात्र की हालत गंभीर हो गई थी, जिसे उसी दिन पटना रेफर किया गया। बाद में बाकी दोनों घायल छात्रों को भी बेहतर इलाज के लिए पटना में भर्ती कराया गया।
राहुल गांधी ने सरकार से पूछा सवाल
पूरे मामले पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "छात्रों के खिलाफ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा बन गया है। खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है।"
राहुल गांधी ने आगे लिखा, "मोदी जी, कहां गया आपका वह वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं होगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा छात्रों पर घातक हमले किए जा रहे हैं। दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार या दिल्ली, हर जगह एक जैसा पैटर्न दिखाई दे रहा है।"
उन्होंने कहा, "मैं पहले भी कह चुका हूं कि यह सरकार अपने वादों से मुकर जाती है। छात्रों की आवाज दबाने के लिए हर तरीका अपनाया जा रहा है। मोदी जी, देश के छात्रों से माफी मांगिए और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई कीजिए, छात्रों के खिलाफ नहीं।"
बीजेपी ने राहुल के आरोप खारिज किए
बीजेपी ने राहुल गांधी के आरोपों को भ्रामक और अफवाह फैलाने वाला बताया है। पार्टी ने कांग्रेस नेता पर विरोध प्रदर्शन को भड़काने और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
