Source: Abp News

Source: Abp News

नोएडा के सेक्टर 63 थाना क्षेत्र के छिजारसी गांव में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त सड़क पर कई लोग आ जा रहे थे। तार गिरते ही इलाके में अफरा तफरी मच गई और पांच लोग उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, हादसे में एक स्कूटी भी जलकर राख हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली का तार गिरने के बाद आसपास के इलाके में करंट फैल गया, जिससे वहां भगदड़ जैसी हालात बन गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस और एम्बुलेंस को खबर दी। खबर मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

बिजली विभाग पर लगे लापरवाही के आरोप

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि इलाके में बिजली लाइनों की नियमित जांच और रखरखाव नहीं किया जाता। उनका आरोप है कि आबादी बढ़ने के बावजूद बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए, जिसकी वजह से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

पहले भी उठ चुके हैं सवाल

स्थानीय निवासी सोनू ने बताया कि इससे पहले भी कई बार बिजली व्यवस्था को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन हर बार सिर्फ मरम्मत कर मामले को शांत कर दिया जाता है। लोगों का कहना है कि जब ये बिजली के तार लगाए गए थे, तब इलाके की आबादी कम थी, लेकिन अब जनसंख्या बढ़ने के बावजूद पुराने ढांचे पर ही पूरा सिस्टम चल रहा है।

जांच में जुटी पुलिस, लोग कर रहे कार्रवाई की मांग

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर 11 केवी की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक कैसे टूट गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।