
Source: Pinterest
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम सुहाना बना रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह-शाम हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, दिल्ली में तेज बारिश के आसार कम हैं। वहीं, नोएडा, गाजियाबाद और बुलंदशहर समेत कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभअनुसार मुताबिक , दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश लगातार होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 जुलाई और पूर्वी यूपी में 13 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली चमकने और हल्की से भारी बारिश होने की भी संभावना है। लखनऊ, मेरठ, कानपुर, अयोध्या और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में लोगों को होशियार रहने की सलाह दी गई है।
बारिश से दिल्ली-एनसीआर का मौसम हुआ सुहाना
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। बारिश के चलते राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में 32 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सफदरजंग, लोधी रोड, पालम, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी कम रहा। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी, कुल्लू और किन्नौर के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन की आशंका जताई है। इसके अलावा नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की भी संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। वहीं, गोरखपुर, बस्ती, वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज में भी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश तक बारिश का दौर जारी
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 15 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में तेज आंधी, तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। हरियाणा में 11 से 15 जुलाई और चंडीगढ़ में 12 से 15 जुलाई के बीच अच्छी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ी चिंता
पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले छह दिनों तक हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, देहरादून और हल्द्वानी समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी 15 जुलाई तक बारिश का दौर बना रह सकता है।
पूरे देश में फैल चुका है मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब देश के सभी हिस्सों तक पहुंच चुका है। राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी इलाकों में भी मॉनसून सक्रिय हो गया है। उत्तर प्रदेश और उसके आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी आने वाले दिनों में बारिश जारी रह सकती है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बरसेंगे बादल
मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में 10 से 15 जुलाई के बीच लगातार बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 से 14 जुलाई तक बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 13 से 15 जुलाई के बीच भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी 10 से 13 जुलाई तक बारिश की संभावना है।
बिहार-झारखंड में मौसम रहेगा मेहरबान
बिहार और झारखंड में 15 जुलाई तक बारिश का असर बना रहेगा। झारखंड के कई इलाकों में 13 जुलाई तक तेज आंधी, बिजली चमकने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भी 11 से 15 जुलाई के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
