
Source: Jagran
महाराष्ट्र में लगातार मूसलाधार बारिश होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। मुंबई, पुणे, रायगढ़, ठाणे, पालघर और नासिक समेत कई जिलों में जलभराव, भूस्खलन और तेज हवाओं ने हालात पूरी तरह बिगाड़ दिए हैं। मुस्लाधार बारिश के कारण कई सड़कें बंद हैं, रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं और इसका असर हवाई उड़ानों पर भी पड़ा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे बेहद चिंताजनक बताते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
पुणे के मावल तालुका के पाटण गांव में तड़के बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश दौरान पहाड़ का बड़ा हिस्सा घरों पर गिरा, इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग मलबे में दब गए थे। राहत और बचाव दल ने अधिकांश लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है, लेकिन मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। मुंबई पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन, यातायात बुरी तरह प्रभावित। भारी बारिश के कारण मुंबई पुणे एक्सप्रेसवे पर अचानक करीब 100 टन मलबा गिर गया, जिसके कारण हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा असर
करजत-लोनावला के बीच रेलवे ट्रैक पर दो जगह भूस्खलन होने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई दूसरी ट्रेनों का संचालन देरी से हुआ। वहीं, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कई उड़ानें रद्द और बड़ी संख्या में फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं।
पनवेल में तेज पानी के बहाव में बहने से 2 युवकों की मौत
नवी मुंबई के पनवेल में भारी बारिश के दौरान तेज पानी के बहाव में बहने से दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, रविवार को दोनों युवक गाडेश्वर बांध के पास नहाने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान माथेरान की पहाड़ियों से आए तेज बहाव में वे फंस गए और डूब गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने लाठी के सहारे उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। पुलिस ने एक युवक का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
350 से ज्यादा पेड़ गिरे, तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें
तेज आंधी और लगातार बारिश के कारण मुंबई में अब तक 350 से अधिक पेड़ गिर चुके हैं। जिससे कई जगह ट्रैफिक और बिजली से जुड़ी समस्याएं बढ़ गई है। आज हवा की रफ्तार पहले से भी ज्यादा रहने का अनुमानहै। जिससे यह खतरा और बढ़ गया है। प्रशासन मदद में जुटा है।
पुणे के आलंदी में भारी बारिश के कारण एक इमारत में फंसे 20 पुलिसकर्मियों समेत कुल 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बारिश की वजह से इमारत में पहली मंजिल तक पानी भर गया था और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
नासिक के लिए बड़ा अलर्ट, भारी बारिश और बादल फटने की आशंका
महाराष्ट्र में लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने नासिक और आसपास के इलाकों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगले 24 घंटों में नासिक में बादल फटने जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने यहां 300 मिमी तक बारिश होने का अनुमान लगाया है। वहीं, मुंबई में रेड अलर्ट जारी है और 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और किसी भी आपात स्थिति में बीएमसी के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करें।
