tमुंबई: महाराष्ट्र में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 21 और 22 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुछ अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है।


मुंबई में बारिश के साथ हाई टाइड का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मुंबई में तेज बारिश के साथ हाई टाइड की स्थिति भी बन सकती है। सुबह 4:57 बजे 3.42 मीटर और शाम 4:43 बजे 3.74 मीटर ऊंची ज्वार आने का अनुमान है। यदि हाई टाइड के दौरान तेज बारिश होती है तो निचले इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ सकता है।


प्रशासन अलर्ट मोड पर

संभावित खराब मौसम को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC), पुलिस और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से समुद्र तटों पर न जाएं और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।


इस सप्ताह जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पूरे सप्ताह महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। हालांकि, इसकी तीव्रता जुलाई के शुरुआती दिनों में हुई भारी बारिश जितनी नहीं रहने का अनुमान है। पुणे के घाट क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि सतारा में येलो अलर्ट और कोल्हापुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, सांगली और सोलापुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।


BMC ने पानी उबालकर पीने की दी सलाह

लगातार बारिश के कारण मुंबई के जलाशयों के कैचमेंट क्षेत्रों में गाद और मिट्टी की मात्रा बढ़ गई है। इसे देखते हुए BMC ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए पानी को उबालकर और छानकर पीने की अपील की है। नगर निगम का कहना है कि पेयजल को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।