हँसाई (मिलकी): हँसाई गांव में पिछले कई दिनों से चल रहा मिलकी प्रीमियर लीग (MPL) शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस टूर्नामेंट ने गांव और आसपास के क्षेत्रों के क्रिकेट प्रेमियों को एक मंच पर लाने का काम किया। हर दिन बड़ी संख्या में लोग मैच देखने मैदान पहुंचते रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे। गांव में खेल और भाईचारे का माहौल देखने को मिला, जिसने इस प्रतियोगिता को खास बना दिया।
MPL का आयोजन हँसाई गांव के युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया गया। टूर्नामेंट को सफल बनाने में गुलाम गौस, खालिद अंसारी, फयाज अंसारी सहित हँसाई गांव के समस्त लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता में कुल 6 टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
टूर्नामेंट का उद्घाटन पंचायत की मुखिया निर्जला देवी ने किया था। इस अवसर पर उनके पति इंदल कुमार शाह भी मौजूद रहे। दोनों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया था।
आज खेला गया फाइनल मुकाबला
आज इस लीग का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला SE Warrior और Bhagalpur Kings के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी थीं और खिलाड़ियों ने भी दर्शकों को निराश नहीं किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए SE Warrior ने 8 ओवर में 101 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से इंजामामुल हक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 25 गेंदों में 70 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और Bhagalpur Kings के सामने बड़ा लक्ष्य खड़ा कर दिया।
102 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Bhagalpur Kings की टीम SE Warrior की गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और पूरी टीम 60 रन पर सिमट गई। इस तरह SE Warrior ने फाइनल मुकाबला जीतकर MPL 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए इंजामामुल हक को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। विजेता टीम SE Warrior के मालिक मों हसनैन और उपविजेता Bhagalpur Kings के मालिक शाहिद अंसारी ने सभी खिलाड़ियों और आयोजन समिति को बधाई दी।

ग्रामीणों का कहना है कि MPL जैसे आयोजन गांव के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और खेल के माध्यम से आपसी भाईचारे को भी मजबूत बनाते हैं। टूर्नामेंट के सफल आयोजन के बाद हँसाई गांव में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
