पटना। बिहार विधानसभा ने बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक और जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर को पर्यटन उद्योग संबंधी समिति का सदस्य मनोनीत किया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, प्रशांत किशोर 24 अगस्त को समिति की बैठक में पहली बार शामिल होंगे।
प्रशांत किशोर हाल ही में हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को हराकर विधायक निर्वाचित हुए हैं। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। चुनाव जीतने के बाद बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने 17 अगस्त को उन्हें विधायक पद की शपथ दिलाई थी।
विधानसभा सचिवालय के पत्र के मुताबिक, सोमवार को होने वाली समीक्षा बैठकों में ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। इन बैठकों में शामिल होने के लिए प्रशांत किशोर को पत्र भेजा गया है।
पर्यटन उद्योग संबंधी समिति के सभापति विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह हैं। समिति में प्रशांत किशोर समेत कुल नौ सदस्य हैं। इनमें पूर्व सांसद सुनील कुमार पिंटू, राजद विधायक गौतम कृष्ण के अलावा अनिल सिंह, वीरेंद्र कुमार, संजय कुमार सिंह, वशिष्ठ सिंह, रामानंद मंडल और बबलू कुमार शामिल हैं।
मंत्री को छोड़कर विधानसभा के लगभग सभी सदस्यों को किसी न किसी समिति में जिम्मेदारी दी जाती है। समिति की बैठकों में शामिल होने वाले विधायकों को नियमानुसार दैनिक भत्ता भी मिलता है। सामान्य तौर पर प्रत्येक समिति की बैठक दस दिन में कम से कम एक बार आयोजित की जाती है और सदस्यों के लिए महीने में निर्धारित बैठकों में शामिल होना जरूरी होता है।
विधायक पद की शपथ लेने के साथ ही प्रशांत किशोर अब विधानसभा सदस्य के तौर पर मिलने वाली निर्धारित सुविधाओं और जिम्मेदारियों के भी हकदार हो गए हैं। पर्यटन उद्योग संबंधी समिति में उनकी जिम्मेदारी ऐसे समय शुरू हो रही है, जब बिहार में पर्यटन को रोजगार और आर्थिक विकास से जोड़ने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
