मुशर्रफ़ हुसैन:

गर्मी का मौसम आते ही बाजार में कच्चे और पके आमों की भरमार दिखाई देने लगती है। आम से बने अचार, चटनी और शरबत तो लगभग हर घर में बनाए जाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी आम का कुच्चा खाया है? अगर नहीं, तो यह स्वादिष्ट और बनाने मै आसान डिश आपके खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा सकती है।

आम का कुच्चा खास तौर पर उत्तर भारत के कई घरों में पसंद किया जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और बहुत कम सामग्री में तैयार हो जाता है। एक बार बन जाने के बाद इसे रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ भी खाया जा सकता है।

गर्मी के दिनों में जब खाने में कुछ नया और चटपटा खाने का मन करता है, तब आम का कुच्चा एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। इसका खट्टा-मीठा और हल्का मसालेदार स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।

आम का कुच्चा बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  1. 2 कच्चे आम
  2. 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  3. 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
  4. स्वादानुसार नमक
  5. थोड़ा सा काला नमक
  6. 1 छोटा चम्मच सरसों का तेल
  7. बारीक कटी हरी मिर्च
  8. थोड़ा सा हरा धनिया

बनाने की आसान विधि

सबसे पहले कच्चे आम को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद उसका छिलका उतारकर उसे कद्दूकस कर लें। अगर आपके पास कद्दूकस नहीं है, तो आम को बहुत बारीक टुकड़ों में भी काट सकते हैं।

अब एक बड़े बर्तन में कद्दूकस किया हुआ आम डालें। इसमें नमक, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और भुना जीरा पाउडर मिला दें। इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च और थोड़ा सा हरा धनिया डालें।

अब ऊपर से सरसों का तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। कुछ मिनट के लिए इसे ऐसे ही छोड़ दें ताकि मसाले आम में अच्छी तरह मिल जाएं। बस तैयार है आपका स्वादिष्ट आम का कुच्चा।

आम का कुच्चा सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि इसकी सादगी की वजह से भी लोगों को पसंद आता है। इसे बनाने के लिए गैस जलाने की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ ही मिनटों में यह तैयार हो जाता है और खाने की थाली का स्वाद बढ़ा देता है।

गांवों में आज भी कई लोग गर्मियों के दिनों में ताजा आम का कुच्चा बनाकर खाते हैं। खासकर जब घर में गर्मागर्म पराठे बनते हैं, तब उसके साथ आम का कुच्चा खाने का मजा ही अलग होता है।

अगर आप इसे और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो खाने से पहले कुछ बूंदें नींबू का रस भी डाल सकते हैं। कई लोग इसमें प्याज और हरी मिर्च मिलाकर भी खाना पसंद करते हैं।