महाराष्ट्र के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। नवी मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और उसके संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की तारीफ की, जिसके बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। मनसे प्रमुख राज ठाकरे और कांग्रेस ने उनके बयान पर सवाल उठाए हैं। इस बीच लोग यह भी जानना चाहते हैं कि आखिर IPS विश्वास नांगरे पाटिल कौन हैं और उन्हें 26/11 मुंबई आतंकी हमले का हीरो क्यों कहा जाता है।
RSS पर बयान के बाद बढ़ा विवाद
विश्वास नांगरे पाटिल ने नवी मुंबई में सकल हिंदू समाज के एक कार्यक्रम में RSS की सराहना करते हुए डॉ. केबी हेडगेवार को दूरदर्शी राष्ट्रवादी नेता बताया। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें पुलिस सेवा से इस्तीफा देकर RSS में शामिल होने की सलाह दी। कांग्रेस ने भी उनके बयान की आलोचना की।
26/11 मुंबई हमले में दिखाई थी बहादुरी
विश्वास नांगरे पाटिल वर्ष 1997 बैच के IPS अधिकारी हैं। 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमलों के समय वह मुंबई पुलिस में जोन-1 के डिप्टी कमिश्नर (DCP) थे। होटल ताज में आतंकियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन के दौरान उन्होंने बहादुरी से मोर्चा संभाला था। उनके साहस और नेतृत्व की पूरे देश में सराहना हुई थी।
राष्ट्रपति पुलिस पदक से हो चुके हैं सम्मानित
26/11 हमलों के दौरान दिखाए गए साहस के लिए विश्वास नांगरे पाटिल को राष्ट्रपति पुलिस पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया। अपने लंबे करियर में उन्होंने मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) और महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई है।
शिक्षा और करियर
विश्वास नांगरे पाटिल का जन्म 1 जून 1973 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई सांगली से पूरी की। इसके बाद उस्मानिया विश्वविद्यालय और शिवाजी विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने अंग्रेजी साहित्य (English Literature) में एमए किया है।
