वजन कम करना और उसे बनाए रखना आज के समय में स्वस्थ रहने का एक महत्वपूर्ण तरीका माना जाता है। मुंबई की 42 वर्षीय याशी गुप्ता ने केवल दो साल में 36 किलो वजन कम किया और अब दूसरों को फिटनेस के लिए प्रेरित कर रही हैं। एक समय उनका वजन 84 किलो तक पहुंच गया था, जबकि उनकी लंबाई केवल 4 फीट 8 इंच थी, जिससे उनका BMI भी काफी बढ़ गया था। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आज पूरी तरह फिट जीवन जी रही हैं। इस बदलाव के बाद उन्होंने अपनी 20 साल पुरानी आईटी नौकरी छोड़ दी और अब फुल-टाइम फिटनेस कोच के रूप में काम कर रही हैं।

डिलीवरी के बाद बढ़ गया था वजन

याशी बताती हैं कि 31 साल की उम्र में मां बनने के बाद उनके शरीर में कई बदलाव आए और उनका वजन बढ़कर 84 किलो हो गया। बढ़ते वजन के कारण वह हर समय थकान और परेशानी महसूस करती थीं। उनका आत्मविश्वास भी काफी कम हो गया था। यहां तक कि वह अपनी बेटी के साथ जमीन पर बैठकर खेल भी नहीं पाती थीं।

लोगों के तानों और गिरते आत्मविश्वास ने उन्हें अपनी फिटनेस पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल के बारे में पढ़ना और सीखना शुरू किया।

बिना किसी शॉर्टकट के हासिल की फिटनेस

याशी ने अपनी वेट लॉस जर्नी में किसी क्रैश डाइट या शॉर्टकट का सहारा नहीं लिया। उन्होंने बताया कि यह बदलाव लगातार दो से तीन साल की मेहनत, अनुशासन और सही डाइट मैनेजमेंट का नतीजा है।

जो महिला कभी सीढ़ियां चढ़ने में हांफ जाती थी, वह आज 40 की उम्र पार करने के बाद भी आसानी से 100 पुश-अप्स और 10 पुल-अप्स कर लेती हैं। इसी बदलाव ने उन्हें नया उद्देश्य दिया और उन्होंने कॉर्पोरेट करियर छोड़कर फिटनेस को अपना पेशा बना लिया।

याशी की डाइट

ब्रेकफास्ट

50 ग्राम ओट्स

4 उबले अंडों का सफेद भाग

2 स्लाइस होल व्हीट ब्रेड

200 ग्राम फल (केला या संतरा)

50 ग्राम चुकंदर

थोड़ा घी या तेल

लंच

60 ग्राम चावल

50 ग्राम दाल, छोले या राजमा

150 ग्राम दही

खीरा-टमाटर का सलाद

5 मिलीलीटर तेल या घी

शाम का स्नैक्स

1 स्कूप व्हे प्रोटीन

50 मिलीलीटर गाय का दूध

डिनर (रात का खाना):

35 ग्राम सोया चंक्स

भरपूर हरी सब्जियां

याशी का कहना है कि उन्होंने अपनी डाइट में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और हेल्दी फैट का संतुलन बनाए रखा और लंबे समय तक लगातार उसी रूटीन का पालन किया, जिसने उन्हें यह शानदार ट्रांसफॉर्मेशन हासिल करने में मदद की।