India-Bangladesh Relations:"शेख हसीना के मुद्दे पर बिगड़ेंगे रिश्ते?" बांग्लादेश ने भारत से मांगा जवाब, दिया बड़ा कूटनीतिक संदेश | Source: Abp news.comबांग्लादेश ने भारत से मांगा स्पष्ट रुख

India-Bangladesh Relations:"शेख हसीना के मुद्दे पर बिगड़ेंगे रिश्ते?" बांग्लादेश ने भारत से मांगा जवाब, दिया बड़ा कूटनीतिक संदेशSource : Abp news.com

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की नई दिल्ली में प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। ढाका ने भारत से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस 5 अगस्त को शेख हसीना सरकार के पतन के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रस्तावित है। बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम ने कहा कि भारतीय क्षेत्र से शेख हसीना की सार्वजनिक राजनीतिक गतिविधियां दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं।

 दिल्ली में प्रस्तावित है कार्यक्रम

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 78 वर्षीय शेख हसीना 5 अगस्त को नई दिल्ली स्थित ‘फॉरेन कॉरेस्पॉन्डेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया’ द्वारा आयोजित एक निजी कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हो सकती हैं।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्यक्रम में शेख हसीना के अमेरिका में रहने वाले बेटे साजीब वाजेद जॉय, पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नौफेल और बांग्लादेश ह्यूमन राइट्स वॉच के महासचिव मोहम्मद अली सिद्दीकी के भी शामिल होने की संभावना है।

बांग्लादेश ने क्या कहा?

विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम ने कहा कि बांग्लादेश चाहता है कि भारत इस मामले पर अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि ढाका नहीं चाहता कि इस मुद्दे की वजह से दोनों देशों के आपसी संबंध प्रभावित हों। उनके अनुसार, भारत में रह रहे ऐसे भगोड़े, जो बांग्लादेश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, यदि भारतीय जमीन से राजनीतिक गतिविधियां चलाते हैं तो इसका असर दोनों देशों के रिश्तों पर पड़ सकता है।

"भारत से अच्छे रिश्ते चाहते हैं"

शमा ओबेद इस्लाम ने कहा कि बांग्लादेश लगातार यह मांग करता रहा है कि दोषी ठहराए गए या फरार लोगों को भारत की धरती का इस्तेमाल बांग्लादेश में अस्थिरता फैलाने के लिए नहीं करने दिया जाए। उन्होंने कहा कि ढाका भारत के साथ बेहतर और मजबूत संबंध चाहता है और उन्हें विश्वास है कि भारत भी यही चाहता है।

सलाहकार ने भी जताई चिंता

उधर, सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ के अनुसार, प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि भारत की धरती से शेख हसीना का प्रस्तावित सार्वजनिक संबोधन दोनों देशों के बीच हाल के समय में बनी सकारात्मक कूटनीतिक गति को प्रभावित कर सकता है।

हालांकि अभी तक भारत की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब दोनों देशों के बीच इस संवेदनशील मुद्दे पर आगे क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।