
Shubman Gill got to their hundred.Source : ESPN Cricinfo
IND vs AFG: कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन की तूफानी शतकीय पारियों के दम पर भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। गिल ने 154 रन जबकि ईशान ने 125 रन की शानदार पारी खेली। इस दमदार प्रदर्शन के साथ टीम इंडिया ने वनडे क्रिकेट में 8वीं बार 400 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया और इस मामले में साउथ अफ्रीका की बराबरी कर ली। इतना ही नहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे इतिहास का यह किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
भारत ने बुधवार (17 जून) को लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 402 रन बनाए और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। कप्तान शुभमन गिल की 154 रन की कप्तानी पारी और ईशान किशन के 125 रन की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने वनडे क्रिकेट में 400 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा 8वीं बार कर दिखाया।
इस उपलब्धि के साथ भारत ने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 400+ स्कोर बनाने के मामले में साउथ अफ्रीका की बराबरी कर ली है। दक्षिण अफ्रीका ने भी अब तक 8 बार यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं इस सूची में इंग्लैंड 7 बार और ऑस्ट्रेलिया 3 बार 400 से अधिक का स्कोर बना चुका है।
गिल-ईशान ने संभाली पारी, 224 रन की रिकॉर्ड साझेदारी
लखनऊ में खेले गए इस मुकाबले में भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और टीम को शुरुआती झटका लगा। इसके बाद रोहित शर्मा ने कुछ बेहतरीन शॉट जरूर लगाए, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और 48 रन बनाकर आउट हो गए।
रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल ने पारी की जिम्मेदारी संभाली। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने उनका शानदार साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 141 गेंदों में 224 रन की बेहतरीन साझेदारी कर अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। यह साझेदारी भारत के लिए इस मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
गिल का कप्तानी शतक, ईशान ने खत्म किया तीन साल का इंतजार
शुभमन गिल ने भीषण गर्मी और क्रैम्प्स से जूझते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 110 गेंदों में 154 रन बनाए, जिसमें 22 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। यह उनके वनडे करियर का नौवां शतक था, जबकि कप्तान के तौर पर यह उनका पहला वनडे शतक भी रहा।
दूसरी ओर ईशान किशन ने भी अपनी शानदार फॉर्म दिखाई। उन्होंने सिर्फ 79 गेंदों में 125 रन की आक्रामक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से कई शानदार चौके-छक्के निकले। लगभग तीन साल बाद ईशान के बल्ले से वनडे शतक देखने को मिला। दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ दोहरा शतक जड़ने के बाद यह उनका पहला वनडे शतक है।
आखिरी ओवरों में गिरे विकेट, फिर भी भारत ने बनाया 402 रन
हालांकि भारतीय टीम ने अंतिम 10 ओवरों में अपने 7 विकेट गंवा दिए, लेकिन तब तक स्कोर 400 रन के करीब पहुंच चुका था। पूरी टीम 402 रन पर ऑलआउट हुई। अफगानिस्तान की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर नांगेयालिया खारोटी सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 विकेट झटके। वहीं स्टार स्पिनर राशिद खान ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया।
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा वनडे स्कोर
भारत का 402 रन का स्कोर अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। इस सूची में पहला स्थान ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जिसने 2015 में पर्थ में 417/6 का स्कोर बनाया था। भारत अब 402 रन के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
ODI में सबसे ज्यादा बार 400+ स्कोर
- साउथ अफ्रीका – 8 बार
- भारत – 8 बार
- इंग्लैंड – 7 बार
- ऑस्ट्रेलिया – 3 बार
अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़े ODI स्कोर
- ऑस्ट्रेलिया – 417/6 (पर्थ, 2015)
- भारत – 402 (लखनऊ, 2026)
- इंग्लैंड – 397/6 (मैनचेस्टर, 2019)
- श्रीलंका – 381/3 (पल्लेकेले, 2024)
