गोरखपुर में शादी की जिद पर निर्माणाधीन AIIMS की छत पर चढ़ी युवती | Source: Social media

गोरखपुर में शादी की जिद पर निर्माणाधीन AIIMS की छत पर चढ़ी युवती Source : Social media

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर निर्माणाधीन एम्स (AIIMS) की करीब 60 फीट ऊंची छत पर चढ़ गई। युवती ने साफ कह दिया कि अगर उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह छत से कूदकर अपनी जान दे देगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। करीब आधे घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

60 फीट ऊंची छत पर चढ़कर दी जान देने की धमकी

गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक युवती निर्माणाधीन एम्स की करीब 60 फीट ऊंची छत पर चढ़ गई। वहां पहुंचकर उसने अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह छत से कूदकर जान दे देगी। युवती की हरकत देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस और परिजनों का समजाना भी नहीं आया काम

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और युवती के परिजन मौके पर पहुंचे। सभी ने काफी देर तक उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन युवती किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई। करीब आधे घंटे तक पुलिस और परिजन उसे मनाने की कोशिश करते रहे, जबकि आसपास मौजूद लोग भी उसे नीचे आने के लिए कहते रहे।

प्रेमी के पहुंचने पर शांत हुई युवती

जब सभी प्रयास विफल हो गए तो पुलिस ने युवती के प्रेमी को मौके पर बुलाया। प्रेमी के पहुंचने के बाद उसने युवती को काफी देर तक समझाया। इसके बाद युवती उसका हाथ पकड़कर सुरक्षित नीचे उतर आई। युवती के नीचे उतरने के बाद पुलिस दोनों पक्षों को एम्स थाने ले गई, जहां पूछताछ और समझाइश के बाद उनके बयान दर्ज किए गए और फिर उन्हें छोड़ दिया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती निर्माणाधीन इमारत की छत पर खड़ी दिखाई दे रही है, जबकि नीचे पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।