Patna Nagar Nigam

Patna Nagar Nigam


पटना। पटना जंक्शन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने वाले मल्टी-मोडल हब में पटना नगर निगम ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान में सार्वजनिक स्थल की स्वच्छता के साथ रेड स्पॉट और येलो स्पॉट को खत्म करने तथा ऑटो और बसों के व्यवस्थित परिचालन पर लोगों और वाहन चालकों का ध्यान दिलाया गया।

मल्टी-मोडल हब में रोजाना औसतन 5,000 से 8,000 लोगों की आवाजाही होती है। यहां ऑटो, बस और अन्य वाहनों के पार्किंग व आवागमन की व्यवस्था एक ही परिसर में होने से पटना जंक्शन इलाके में ट्रैफिक मैनेजमेंट को सुविधा मिलती है। यात्रियों को भी शहर के अलग-अलग हिस्सों के लिए एक ही जगह से परिवहन के कई विकल्प मिल जाते हैं।


थूकने और सार्वजनिक जगह गंदा करने पर रोक

निगम की ओर से हब परिसर की नियमित सफाई कराई जाती है, लेकिन सार्वजनिक जगहों पर थूकने और इधर-उधर गंदगी फैलाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अभियान के दौरान लोगों को दीवारों और परिसर के अन्य हिस्सों को गंदा नहीं करने तथा रेड स्पॉट और येलो स्पॉट नहीं बनाने के लिए जागरूक किया गया।

परिसर में शौचालयों के नल और अन्य सामान की चोरी की घटनाओं का भी जिक्र निगम की ओर से किया गया है। खराब और गंदी हो चुकी दीवारों की दोबारा पेंटिंग कराकर परिसर का स्वरूप भी बेहतर किया गया।


गीला-सूखा कचरा अलग डस्टबिन में डालने की अपील

अभियान के दौरान लोगों से गीला और सूखा कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की अपील की गई। वहीं ऑटो और बस चालकों को तय स्थान पर वाहन खड़ा करने और कतार में परिचालन करने के लिए कहा गया, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो और हब के भीतर यातायात सुचारू बना रहे।

नगर निगम ने लोगों से मल्टी-मोडल हब समेत सभी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने में सहयोग की अपील की है। निगम के मुताबिक बेहतर स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि नागरिकों की भी साझा जिम्मेदारी है।