बदलती लाइफस्टाइल और खानपान की आदतों का असर अब सिर्फ बड़ों तक सीमित नहीं रह गया है। आज के समय में बच्चों में बढ़ता मोटापा एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनता जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसकी वजह केवल जंक फूड या बाहर का खाना नहीं, बल्कि घर के भीतर रोजमर्रा की कुछ गलत फूड हैबिट्स भी हैं। कई बार माता-पिता अनजाने में ऐसी आदतें विकसित कर देते हैं, जो धीरे-धीरे बच्चों का वजन बढ़ाने लगती हैं और आगे चलकर कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती हैं।
हर बार भूख लगने पर तुरंत खाना देना
विशेषज्ञों के अनुसार, कई बच्चे वास्तव में भूख के कारण नहीं बल्कि बोरियत, आदत या किसी चीज की इच्छा होने पर खाने की मांग करते हैं। ऐसे में हर बार उन्हें कुछ न कुछ खाने के लिए दे देना ओवरईटिंग की आदत बना सकता है। बेहतर होगा कि बच्चों के लिए तय समय पर भोजन और स्नैक्स की आदत विकसित की जाए।
बार-बार स्नैकिंग की आदत
कई माता-पिता बच्चों के लिए हर समय चिप्स, बिस्किट या दूसरे स्नैक्स साथ रखते हैं और मौका मिलते ही उन्हें खाने के लिए दे देते हैं। इससे बच्चे असली भूख और सिर्फ खाने की इच्छा के बीच अंतर नहीं समझ पाते। विशेषज्ञों की सलाह है कि प्रोसेस्ड स्नैक्स की जगह फल, सब्जियां या हेल्दी विकल्प दिए जाएं।
बच्चों के लिए अलग से पसंदीदा खाना बनाना
घर का सामान्य भोजन छोड़कर बच्चों के लिए बार-बार मैगी, फ्रेंच फ्राइज, नगेट्स या दूसरी पसंदीदा चीजें तैयार करना भी मोटापे का कारण बन सकता है। इससे बच्चे संतुलित आहार से दूरी बनाने लगते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों को धीरे-धीरे परिवार के साथ वही पौष्टिक भोजन खाने की आदत डालनी चाहिए।
मीठे पेय पदार्थों से बढ़ सकता है खतरा
सॉफ्ट ड्रिंक, पैकेज्ड जूस, फ्लेवर्ड ड्रिंक और अधिक चीनी वाले पेय बच्चों के शरीर में अतिरिक्त शुगर पहुंचाते हैं, जिससे वजन तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में बच्चों को नियमित रूप से पानी और दूध पीने की आदत डालना अधिक लाभदायक माना जाता है।
समय रहते बदलें आदतें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बचपन में विकसित होने वाली खानपान की आदतें जीवनभर असर डाल सकती हैं। इसलिए माता-पिता को बच्चों की डाइट, भोजन का समय और शारीरिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। संतुलित आहार, नियमित खेलकूद और सीमित जंक फूड बच्चों को मोटापे और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
