सारण जिले की बेटी अंकिता कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। छपरा शहर के मौना मोहल्ला निवासी अंकिता ने परीक्षा में 272वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) पद के लिए हुआ है। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है। अंकिता सेवानिवृत्त प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रसिक बिहारी सिंह की पोती हैं, जबकि उनके पिता अनिल कुमार सिंह भवन निर्माण विभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं।

गृह | Source: NDTV

Source : NDTV

परिवार में प्रशासनिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि

अंकिता की माता किरण देवी का निधन हो चुका है। उनके नाना स्वर्गीय बिनदेश्वरी राय पौधा संरक्षण पदाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वहीं उनके मामा राजन कुमार वर्तमान में छपरा जंक्शन पर स्टेशन अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। अंकिता ने अपनी पढ़ाई के दौरान लगातार तीन बार यूजीसी-नेट (UGC-NET) परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। इसके बावजूद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना नहीं छोड़ा और पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ बीपीएससी परीक्षा की तैयारी जारी रखी।

सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया

अपनी सफलता पर अंकिता ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी, मामा-मामी और शिक्षकों के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने उन्हें हर चुनौती का सामना करने और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।

पढ़ाई में शुरू से रहीं अव्वल

अंकिता शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने वर्ष 2013 में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, छपरा से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2015 में राजेंद्र कॉलेज, छपरा से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पटना का रुख किया और पटना वीमेंस कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए उन्हें कॉलेज में गोल्ड मेडल भी मिला। इसके बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से परास्नातक की पढ़ाई पूरी की और सिल्वर मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का एक और प्रमाण दिया।