पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। पार्टी ने मंगलवार को 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और गिरिराज सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। इसके अलावा भोजपुरी अभिनेता एवं राज्यसभा सांसद पवन सिंह, लोकगायिका एवं विधायक मैथिली ठाकुर और सांसद मनोज तिवारी भी पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।
नीरज कुमार सिन्हा के लिए मैदान में उतरेंगे दिग्गज नेता
बीजेपी ने बांकीपुर सीट से नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन स्वयं उनके समर्थन में जनसंपर्क और चुनावी सभाएं करेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। पार्टी का उद्देश्य स्टार प्रचारकों के जरिए चुनावी माहौल को अपने पक्ष में मजबूत करना है।
नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। नितिन नवीन इस सीट से लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं और अब अपनी पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में प्रचार करेंगे।
केंद्रीय और राज्य के नेताओं को भी सौंपी गई जिम्मेदारी
बीजेपी ने चुनाव प्रचार के लिए कई केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को भी स्टार प्रचारक बनाया है। इनमें केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, सतीश चंद्र दुबे और राजभूषण चौधरी शामिल हैं। वहीं मंत्री दिलीप जायसवाल, विजय सिन्हा, रामकृपाल यादव, मिथिलेश तिवारी, लखेंद्र पासवान और अन्य नेताओं को भी प्रचार अभियान की जिम्मेदारी दी गई है।
पवन सिंह और मैथिली ठाकुर भी करेंगे चुनाव प्रचार
बीजेपी ने इस बार चुनाव प्रचार में लोकप्रिय चेहरों को भी शामिल किया है। भोजपुरी अभिनेता एवं राज्यसभा सांसद पवन सिंह पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में चुनावी सभाएं करेंगे। वहीं लोकगायिका और बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर भी प्रचार अभियान का हिस्सा होंगी। इसके अलावा भोजपुरी गायक एवं दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी तथा पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं विधायक आनंद मिश्रा का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।
बीजेपी ने बदला था अपना उम्मीदवार
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद पार्टी ने उम्मीदवार बदलते हुए नीरज कुमार सिन्हा को चुनाव मैदान में उतारा।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा का मुकाबला जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता से माना जा रहा है।
बीजेपी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची
नितिन नवीन, सम्राट चौधरी, संजय सरावगी, विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह, संजय जायसवाल, रविशंकर प्रसाद, सतीश चंद्र दुबे, राजभूषण चौधरी, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, अश्विनी चौबे, विजय सिन्हा, प्रमोद चंद्रवंशी, मनोज तिवारी, जीवेश कुमार, जनक राम, रामकृपाल यादव, मिथिलेश तिवारी, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेंद्र पासवान, संजीव चौरसिया, पवन सिंह, रेणु देवी, मैथिली ठाकुर, शीला प्रजापति, कृष्णा कुमार मंटूस, संजय गुप्ता, रत्नेश कुमार, मनोज शर्मा, सीता साहू, रेश्मी चंद्रवंशी, आनंद मिश्रा, सरोज रंजन पटेल, बलराम मंडल, सुषमा साहू और रूप नारायण मेहता।
