
दक्षिण बिहार में मानसून सक्रिय होने के बाद पटना समेत कई जिलों में बारिश का दृश्य।Source : Social media
दक्षिण बिहार में सोमवार को मानसून ने पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। खासकर तीन जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पटना समेत कई जिलों में सुबह से बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण बिहार के सभी 19 जिलों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सुबह 4:55 बजे से 7:55 बजे तक पटना सहित सात जिलों के 31 प्रखंडों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया।पटना के अथमलगोला, बाढ़, घोसवरी, पंडारक, बख्तियारपुर, बेलछी, मोकामा, फतुहा, दनियावां और खुसरूपुर क्षेत्रों में सुबह से बारिश दर्ज की गई। वहीं नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, वैशाली, शेखपुरा और समस्तीपुर में भी बारिश होने से तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग का कहना है कि दिनभर कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी
मौसम विभाग ने औरंगाबाद, भभुआ (कैमूर) और रोहतास जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा अरवल, बांका, गया, जहानाबाद, जमुई, लखीसराय, नालंदा, नवादा, रोहतास, शेखपुरा, औरंगाबाद और भभुआ समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।वहीं भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, मुंगेर और पटना में भी गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बारिश से तापमान में गिरावट, लोगों को मिली राहत
लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। रविवार को शनिवार की तुलना में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया।रोहतास के डेहरी में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पटना का अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री की गिरावट के साथ 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान मधुबनी में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार को यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पश्चिम चंपारण के बगहा में सबसे अधिक 20 मिलीमीटर और पूर्णिया में 15.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।इसके अलावा पटना, समस्तीपुर, भोजपुर, सारण, वैशाली, किशनगंज, सहरसा, सुपौल, पूर्वी चंपारण, कटिहार, नवादा, जमुई, दरभंगा, गया, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नालंदा और मुजफ्फरपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दक्षिण बिहार में मानसून और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है।
