नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में बिहार के समस्तीपुर में शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतरे। हाथों में तिरंगा लेकर निकाली गई इस शांतिपूर्ण यात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर स्थायी रोक लगाने की मांग की।
Bihar Paper Leak protest: समस्तीपुर में हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे छात्र, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक रोकने की उठाई मांगSource : Dainik jagran.com
सड़क पर उतरे छात्र-छात्राएं
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को समस्तीपुर में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। पटेल मैदान गोलंबर से अंबेडकर स्मारक तक निकाले गए इस शांतिपूर्ण मार्च में बड़ी संख्या में युवा और छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग
प्रदर्शन के दौरान छात्र लगातार नारेबाजी करते रहे। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बिना बैनर-पोस्टर निकला मार्च
इस तिरंगा यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें किसी भी राजनीतिक दल का झंडा या बैनर दिखाई नहीं दिया। छात्रों ने बिना किसी राजनीतिक प्रतीक के अनुशासित तरीके से मार्च निकाला। प्रदर्शन के बाद पांच सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल ने सदर एसडीओ राकेश कुमार से मुलाकात कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
मुस्तैद रहा जिला प्रशासन
आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। समाहरणालय, रेलवे स्टेशन और शहर के संवेदनशील चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई।
कुछ छात्रों ने छिपाई पहचान
मार्च के दौरान कई छात्र खुलकर अपनी मांगें रखते दिखाई दिए, जबकि कुछ युवाओं ने पुलिस कार्रवाई की आशंका को देखते हुए चेहरे पर मास्क लगाकर अपनी पहचान छिपाए रखी। इसके बावजूद प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
रात भर चली प्रशासनिक बैठक
आंदोलन को लेकर एक दिन पहले गुरुवार रात जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। डीएम और एसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति तैयार की थी।
शनिवार को भी रहेगा हाई अलर्ट
प्रशासन ने विभिन्न संगठनों की ओर से संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए शनिवार को भी शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का फैसला किया है। पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
