
बिहार में 23 IAS अधिकारियों के तबादले के बाद बदले गए DDC, SDO और नगर आयुक्त।Source : Chrome
बिहार में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। शनिवार देर रात सामान्य प्रशासन विभाग ने 23 IAS अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की। इस बदलाव में कई जिलों के उप विकास आयुक्त यानी DDC, अनुमंडल पदाधिकारी यानी SDO और नगर आयुक्त शामिल हैं।तबादले की सूची में 2022 और 2023 बैच के अधिकारियों के साथ 2024 बैच के ट्रेनी IAS अधिकारी भी शामिल हैं। अधिकारियों को नई जिम्मेदारी संभालने के लिए जल्द अपने नए पदस्थापन पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
कई जिलों में बदले DDC और नगर आयुक्त
अधिसूचना के मुताबिक श्रेया श्री को खगड़िया का उप विकास आयुक्त बनाया गया है। बाढ़ की SDO गरिमा लोहिया को दरभंगा नगर निगम का नगर आयुक्त और दानापुर के SDO अनिरुद्ध पाण्डेय को पूर्णिया नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।पूर्णिया के SDO तुषार कुमार को मधुबनी का उप विकास आयुक्त बनाया गया है। वहीं मुजफ्फरपुर पश्चिम की SDO आकांक्षा आनंद को सासाराम का DDC और नौगछिया के SDO रोहित कर्दम को जमुई का DDC बनाया गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
कटिहार के SDO प्रद्युम्न सिंह यादव को उद्योग विभाग में निदेशक, खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय की जिम्मेदारी दी गई है। अरेराज, पूर्वी चंपारण की SDO अंजली शर्मा को समाज कल्याण विभाग में निदेशक बनाया गया है।इसके अलावा नेहा कुमारी को कटिहार का DDC और शिप्र विजयकुमार चौधरी को जमुई का DDC बनाया गया है। भागलपुर के कृष्ण चंद्र गुप्ता को मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में महानिरीक्षक की जिम्मेदारी मिली है।
इन अधिकारियों की बदली SDO की पोस्टिंग
विरूपाक्ष विक्रम सिंह को दानापुर, प्रिया रानी को सासाराम और कृष्णा जोशी को बाढ़ का SDO बनाया गया है। प्रेम कुमार को हवेली खड़गपुर, सैयद आदिल मोहसीन को मढ़ौरा और अजय यादव को बेगूसराय का अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।सूरज कुमार को कटिहार, विग्नेश टीए को पूर्णिया और जतिन कुमार को शेरघाटी, गया का SDO बनाया गया है। के. परीक्षित को नौगछिया, भागलपुर, महेश कुमार को तारापुर, मुंगेर और कशिश बक्शी को पटना सिटी का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है।
नए पद पर जल्द देना होगा योगदान
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को अपने नए पद पर जल्द योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं। तबादलों के बाद कई जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा होगा।राज्य में एक साथ 23 IAS अधिकारियों के तबादले को प्रशासनिक स्तर पर अहम बदलाव माना जा रहा है। खास तौर पर DDC, SDO और नगर निगमों की जिम्मेदारियों में हुए बदलाव का असर जिला स्तर के प्रशासनिक कामकाज पर दिखाई दे सकता है।
