बिहार के राजगीर से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सनसनी फैला दी है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि शादी का दबाव बनाने से नाराज एक युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी के रूप में सामने आए डॉ. मनीष का नाम पहले भी चर्चित BPSC TRE 2024 पेपर लीक मामले की जांच में सामने आ चुका है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, डॉ. मनीष पेपर लीक के मुख्य आरोपी संजीव मुखिया के बेटे डॉ. शिव का करीबी दोस्त बताया जाता है। इसी कारण यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
बताया जा रहा है कि 14 मार्च 2024 को स्थानीय पुलिस ने कोहिनूर होटल में छापेमारी की थी, लेकिन डॉ. मनीष मौके से फरार हो गया था। बाद में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने PMCH और NMCH के छात्रों से जुड़े डेटा की जांच के दौरान उसके बारे में अहम जानकारी जुटाई। पूछताछ, होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच एजेंसियों ने उसकी पहचान की थी।
वहीं, राजगीर में वायरल हुए ताजा वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि युवती द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने के बाद आरोपी ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और उससे जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि 2024 के BPSC TRE पेपर लीक मामले में अब तक 296 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आर्थिक अपराध इकाई लगातार पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अब डॉ. मनीष का नाम एक बार फिर चर्चा में आने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
