
बांकीपुर से खुद चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर।
पटना: बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। जन सुराज ने अपने संस्थापक प्रशांत किशोर को बांकीपुर विधानसभा सीट से आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उनके नाम का ऐलान किया। इसके साथ ही अब बांकीपुर सीट पर मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है, जहां भारतीय जनता पार्टी और जन सुराज के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है।
‘जन सुराज ही मेरी जिंदगी है’
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से उनका पूरा समय और जीवन जन सुराज को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर बांकीपुर की जनता उन्हें अपना समर्थन देती है और विधानसभा भेजती है, तो वह उनकी आवाज को मजबूती से सदन तक पहुंचाएंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि बिहार की मौजूदा सरकार के कामकाज पर जनता की राय जानने का भी अवसर है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी दल या चेहरे को देखकर नहीं, बल्कि ऐसे उम्मीदवार को चुनें जो वास्तव में क्षेत्र के लिए काम करने की क्षमता रखता हो।
कांग्रेस नेता ने भी दिया समर्थन का संकेत
इस बीच कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा ने भी प्रशांत किशोर के समर्थन में बयान देकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और महागठबंधन के अन्य दल एकजुट होकर प्रशांत किशोर का समर्थन करें, तो बांकीपुर में बीजेपी को कड़ी चुनौती दी जा सकती है।
ऋषि मिश्रा ने कहा कि बांकीपुर सीट लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ रही है, लेकिन इस बार हालात पहले जैसे नहीं हैं। उनके मुताबिक यदि विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ता है, तो मुकाबला बेहद रोचक हो सकता है और चुनाव के नतीजे भी चौंकाने वाले हो सकते हैं।

