गर्मी के मौसम में तरबूज सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फलों में से एक है। इसकी ताजगी, मिठास और पानी से भरपूर गुण शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करते हैं। हालांकि, सिर्फ तरबूज खाना ही नहीं, बल्कि उसे सही समय पर खाना भी उतना ही महत्वपूर्ण माना जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि तरबूज के सेवन का समय उसके पाचन और शरीर को मिलने वाले फायदों पर सीधा असर डाल सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि तरबूज खाने का सबसे सही समय क्या है और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

A | Source: Pexel

Source : Pexel

सुबह और दोपहर के बीच सबसे बेहतर समय

मेदांता अस्पताल की निधि सहाई के अनुसार, तरबूज खाने का सबसे सही समय सुबह के नाश्ते और दोपहर के भोजन के बीच का होता है। इस दौरान शरीर का पाचन तंत्र सबसे अधिक सक्रिय रहता है, जिससे तरबूज को पचाने में आसानी होती है। तरबूज में लगभग 90 प्रतिशत पानी और प्राकृतिक शर्करा होती है, इसलिए इसे ऐसे समय खाना बेहतर माना जाता है जब शरीर पाचन के लिए तैयार हो। नाश्ते के बाद का समय इसके लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है।

पाचन और ऊर्जा के लिए भी फायदेमंद

निधि सहाई बताती हैं कि हल्के भरे पेट में तरबूज खाने से पेट फूलने की समस्या कम हो सकती है और पाचन बेहतर बना रहता है। कई लोग खाली पेट फल खाना पसंद करते हैं, लेकिन तरबूज के मामले में पेट का थोड़ा सक्रिय होना जरूरी माना जाता है। इसके अलावा व्यायाम से लगभग आधा घंटा पहले तरबूज खाने से शरीर को तुरंत ऊर्जा मिल सकती है और हाइड्रेशन भी बना रहता है। यही वजह है कि कई खिलाड़ी इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं।

रात में खाने से हो सकती है परेशानी

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रात के समय तरबूज खाने से बचना चाहिए। इस समय शरीर आराम की स्थिति में जाने लगता है और पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है। ऐसे में तरबूज में मौजूद पानी और प्राकृतिक शर्करा गैस, भारीपन या असहजता की वजह बन सकते हैं। जिन लोगों का पाचन तंत्र संवेदनशील है या जिन्हें आंतों से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि तरबूज खाने के बाद पेट दर्द या सूजन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

मात्रा का ध्यान रखना भी जरूरी

तरबूज खाने में समय के साथ-साथ उसकी मात्रा का ध्यान रखना भी जरूरी है। अक्सर लोग इसे हल्का फल समझकर जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं, लेकिन अत्यधिक सेवन पेट पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। निधि सहाई के अनुसार, एक से दो कटोरी तरबूज की मात्रा पर्याप्त मानी जाती है और इससे शरीर को आवश्यक पोषण व हाइड्रेशन भी मिल जाता है।

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।