दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर स्थित सूर्यपुर हिंसा और मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माकपा नेता और 2026 विधानसभा चुनाव में बारुईपुर पश्चिम सीट से उम्मीदवार रहे लाहेक अली को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें रविवार (12 जुलाई) को उनके आवास से हिरासत में लिया गया। आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण देकर भीड़ को उकसाया और घटना के समय मौके पर भी मौजूद थे।
Baruipur Violence Case: सूर्यपुर मॉब लिंचिंग और हिंसा मामले में भड़काऊ भाषण के आरोप में CPM नेता लाहेक अली गिरफ्तारSource : Dainik jagaran.com
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर लाहेक अली की गिरफ्तारी की गई है। उन्हें सोमवार (13 जुलाई) को बारुईपुर उपमंडल अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद भड़की हिंसा के दौरान उग्र भीड़ ने स्थानीय युवक इंद्रजीत मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और पुलिस चौकी पर भी हमला किया। इस मामले में लाहेक अली के खिलाफ दंगा, हिंसा भड़काने और अन्य गंभीर आरोपों समेत 27 धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आए स्थानीय लोगों के बयान और वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस का दावा है कि हालात पहले नियंत्रण में थे, लेकिन लाहेक अली के मौके पर पहुंचने के बाद माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि उन्होंने घटना को सांप्रदायिक और राजनीतिक रंग देते हुए यह दावा किया कि इसके पीछे भाजपा से जुड़े लोग हैं। इसके बाद भीड़ ने शांतनु मंडल और इंद्रजीत मंडल के घरों पर हमला कर दिया।
इस घटना पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि यह सामान्य मॉब लिंचिंग नहीं, बल्कि पीड़ित की पहचान को निशाना बनाकर की गई हत्या है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में पराजित राजनीतिक दलों और कट्टरपंथी तत्वों के उकसावे से हिंसा भड़की।
