
बांकीपुर उपचुनाव के लिए नितिन नवीन।Source : Chrome
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जो भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेताओं और चर्चित चेहरों को जगह दी गई है।
40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी
भाजपा की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे ऊपर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम है। वहीं दूसरे स्थान पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और तीसरे स्थान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी को शामिल किया गया है। सूची पर 13 जुलाई की तारीख दर्ज है, जबकि इसे 14 जुलाई को सार्वजनिक किया गया।
कई बड़े नेताओं को मिली जिम्मेदारी
चुनाव प्रचार के लिए पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारा है। इनमें विनोद तावड़े, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, संजय जायसवाल, मंगल पांडेय, अश्विनी कुमार चौबे और विजय कुमार सिन्हा जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। इनके अलावा सांसद मनोज तिवारी, लोकगायक और नेता पवन सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी तथा पहली बार विधायक बनीं मैथिली ठाकुर भी प्रचार अभियान का हिस्सा होंगी।
नीरज सिन्हा के पक्ष में करेंगे प्रचार
पार्टी के सभी स्टार प्रचारक बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में जनसभाएं, रोड शो और चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा का लक्ष्य उपचुनाव में पूरी ताकत के साथ जीत दर्ज करना है।
पूर्व उम्मीदवार ने भी दिया समर्थन
भाजपा के पूर्व घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने भी पार्टी के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अब वह एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में प्रचार करेंगे और मतदाताओं से उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करेंगे। उनका कहना है कि पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
