बांकीपुर उपचुनाव में RLJP उम्मीदवार तनवीर आलम | Source: Chrome

बांकीपुर उपचुनाव में RLJP उम्मीदवार तनवीर आलम।Source : Chrome

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव का मुकाबला अब और भी रोचक हो गया है। भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और जन सुराज पार्टी के बाद अब राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) ने भी अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही इस हाई-प्रोफाइल सीट पर चुनावी मुकाबला और बहुकोणीय हो गया है। वहीं, AIMIM के भी चुनाव मैदान में उतरने की चर्चा तेज है, जिससे राजनीतिक समीकरण और बदल सकते हैं।

RLJP ने तनवीर आलम को बनाया उम्मीदवार

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए तनवीर आलम को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के नेता प्रिंस पासवान ने उन्हें चुनाव चिन्ह सौंपकर आधिकारिक तौर पर मैदान में उतारा। उम्मीदवार की घोषणा के बाद अब इस सीट पर चुनावी गतिविधियां और तेज हो गई हैं।

अब तक किन-किन दलों ने उतारे उम्मीदवार?

बांकीपुर उपचुनाव में अब कई प्रमुख राजनीतिक दल अपने प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) से अभिषेक कुमार सिन्हा राष्ट्रीय जनता दल से रेखा कुमारी गुप्ता

जन सुराज पार्टी से प्रशांत किशोर जनशक्ति जनता दल से वीणा मानवी राष्ट्रीय लोक और जनशक्ति पार्टी (RLJP) से तनवीर आलम इन उम्मीदवारों के मैदान में आने से मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है।

AIMIM भी उतर सकती है चुनावी मैदान में

बांकीपुर उपचुनाव में एक और राजनीतिक दल की एंट्री की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM भी यहां से उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से बताया गया है कि इस संबंध में ओवैसी से बातचीत चल रही है। उनकी मंजूरी मिलने के बाद उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

नामांकन और मतदान की तारीखें

बांकीपुर सीट से बीजेपी और आरजेडी के उम्मीदवार गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं। वहीं जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर 13 जुलाई को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।इस उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही सभी दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ती जा रही है।