bankipur-election | Source: bankipur-electionपटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) पूरी हो गई है। जांच के दौरान 14 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए, जबकि 26 प्रत्याशियों के नामांकन को वैध पाया गया है। अब यही उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है।

40 उम्मीदवारों ने भरा था नामांकन

बांकीपुर विधानसभा सीट पर नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन सोमवार था। इस दौरान कुल 40 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), जन सुराज पार्टी, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा), जनशक्ति जनता दल (JJD) समेत कई राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में किस्मत आजमाने के लिए पर्चा भरा था।

स्क्रूटनी में 14 नामांकन हुए रद्द

मंगलवार को चुनाव आयोग ने सभी नामांकन पत्रों की जांच की। इस प्रक्रिया में 14 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिसके चलते उन्हें रद्द कर दिया गया। इसके बाद अब 26 प्रत्याशी चुनाव लड़ने की दौड़ में बने हुए हैं।

प्रमुख दलों के उम्मीदवारों का नामांकन वैध

जिन प्रमुख उम्मीदवारों का नामांकन सही पाया गया है, उनमें बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की रेखा गुप्ता शामिल हैं। इन तीनों उम्मीदवारों को बांकीपुर उपचुनाव का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार नाम के उम्मीदवार भी मैदान में

बांकीपुर उपचुनाव की एक दिलचस्प बात यह भी है कि चुनाव मैदान में दो निर्दलीय उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनके नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्रियों से मिलते हैं। चुनाव आयोग ने लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार नाम के दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों को भी वैध घोषित किया है। इसके बाद दोनों अब चुनाव मैदान में बने हुए हैं।

JJD उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन हुआ खारिज

जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी उर्फ वीणा मांडवी का नामांकन पत्र स्क्रूटनी के दौरान खारिज कर दिया गया। उनके नामांकन रद्द होने के बाद पार्टी को बड़ा झटका लगा है। इससे पहले उनके नामांकन को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा रही थी।

16 जुलाई तक नाम वापस लेने का मौका

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, वैध उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद चुनाव मैदान में अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

इन 26 उम्मीदवारों का नामांकन हुआ स्वीकार

बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर, आरजेडी की रेखा गुप्ता, रालोजपा के तनवीर आलम, राष्ट्रीय समाजहित दल के मृत्युंजय कुमार, राष्ट्रीय गरीब दल के रामबाबू प्रसाद, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के सूरज यादव, निर्दलीय ब्रजेश पटेल, समता पार्टी के अशोक कुमार, राष्ट्रीय अपना दल की मनीषा शर्मा, निर्दलीय नीतीश कुमार, भारतीय जवान किसान पार्टी के बैजनाथ प्रसाद, निर्दलीय सुकेश कुमार, निर्दलीय बगीश नंदन, भारतीय आवाम पार्टी के प्रदीप कुमार, बिहार जस्टिस पार्टी के बिनोद राय, निर्दलीय अभय चौधरी, अखिल भारतीय जनसंघ के जितेंद्र दुबे, प्रॉटिस्ट ब्लॉक इंडिया के प्रेमशंकर प्रसाद, निर्दलीय सिकंदर कुमार, निर्दलीय मिथिलेश कुमार, प्रगतिशील जनता पार्टी के मनोरंजन श्रीवास्तव, निर्दलीय अनिल दास, निर्दलीय लालू प्रसाद यादव, राइट टू रिकॉल पार्टी के निरंजन आचार्य और राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के उपेंद्र सहनी का नामांकन पत्र वैध पाया गया है।