सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा मामला तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक महिला ने दावा किया है कि दिल्ली से ग्रेटर नोएडा तक की उसकी एक साधारण Rapido राइड धीरे-धीरे डरावने अनुभव में बदल गई। महिला के मुताबिक, पहले सफर के दौरान ड्राइवर का व्यवहार उसे असहज लगा और बाद में लगातार फोन, मैसेज और वीडियो कॉल के जरिए उसे परेशान किया गया। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है और कई यूजर्स आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सफर के दौरान अजीब हरकतों का आरोप
वायरल वीडियो में महिला अपनी आपबीती बताते हुए कहती है कि वह एक इवेंट के सिलसिले में दिल्ली आई हुई थीं। रात करीब 11 बजे उन्होंने दिल्ली से ग्रेटर नोएडा जाने के लिए Rapido कैब बुक की। महिला का आरोप है कि राइड शुरू होते ही ड्राइवर का व्यवहार अजीब लगने लगा। उनके अनुसार, ड्राइवर पूरे रास्ते Emraan Hashmi के गाने तेज आवाज में चलाता रहा और उसका व्यवहार उन्हें असहज महसूस करा रहा था। हालांकि महिला रात करीब 12:30 बजे तक सुरक्षित घर पहुंच गईं, लेकिन उनके मुताबिक असली परेशानी इसके बाद शुरू हुई।
लगातार कॉल और वीडियो कॉल से बढ़ा डर
महिला के अनुसार, राइड खत्म होने के कुछ समय बाद ही ड्राइवर ने उन्हें फोन करना शुरू कर दिया। पहले सामान्य कॉल आए, फिर लगातार मैसेज और अलग-अलग नंबरों से संपर्क करने की कोशिश की गई। महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन इसके बाद भी कथित तौर पर दूसरे नंबरों से कॉल आते रहे। महिला का कहना है कि सबसे डराने वाली बात तब हुई जब ड्राइवर ने कथित तौर पर बाथरूम से वीडियो कॉल की। इस घटना के बाद महिला ने खुद को मानसिक रूप से परेशान और डरा हुआ महसूस किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि वह इस पूरे अनुभव से “ट्रॉमेटाइज” हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर गुस्सा, कंपनी ने मांगी जानकारी
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर हजारों लोग महिला के समर्थन में सामने आए। कई यूजर्स ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जबकि कुछ लोगों ने महिला को पुलिस और साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। मामला बढ़ने के बाद Rapido ने भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस तरह का व्यवहार बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, ऐप पर ग्राहकों के मोबाइल नंबर सुरक्षित और छिपे रहते हैं तथा मामले की जांच की जा रही है। Rapido ने महिला से राइड डिटेल्स भी मांगी हैं ताकि आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।
