उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वृंदावन में नगर निगम कार्यालय के बाहर अचानक “कॉकरोच” की पोशाक पहने एक युवक डांस करता नजर आया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। बाद में पता चला कि यह कोई मजाक नहीं, बल्कि यमुना नदी में गिर रहे गंदे नालों और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ किया गया अनोखा प्रदर्शन था। इस विरोध का वीडियो अब इंटरनेट पर खूब चर्चा बटोर रहा है।


कॉकरोच बनकर नगर निगम पहुंचा सामाजिक कार्यकर्ता

जानकारी के मुताबिक सामाजिक कार्यकर्ता दीपक शर्मा कॉकरोच की ड्रेस पहनकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। उनका कहना था कि यमुना नदी की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल दावे और बैठकों तक सीमित हैं।

नगर निगम कार्यालय के बाहर उन्होंने अलग अंदाज में विरोध जताया और लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोग इस अनोखे प्रदर्शन पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे।


‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ट्रेंड से जुड़कर वायरल हुआ मामला

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” यानी CJP ट्रेंड काफी चर्चा में बना हुआ है। इंटरनेट पर कॉकरोच से जुड़े मीम्स, पोस्ट और मजेदार वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। ऐसे माहौल में मथुरा का यह विरोध प्रदर्शन लोगों को और ज्यादा दिलचस्प लगने लगा।

कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में इस प्रदर्शन को “CJP का नया सदस्य” बताया, जबकि कुछ लोगों ने लिखा, “कॉकरोच गैंग का अंकल आ गया।” सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर मीम्स और फनी कमेंट्स की बाढ़ आ गई। युवाओं के बीच यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इसे “Gen-Z स्टाइल प्रोटेस्ट” बता रहे हैं।


‘समस्या उठाओ तो कॉकरोच कह देते हैं’

दीपक शर्मा ने बताया कि जब सामाजिक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को उठाते हैं, तो कई बार उनका मजाक उड़ाया जाता है और उन्हें “कॉकरोच” जैसे शब्दों से बुलाया जाता है। उन्होंने कहा कि इसी ताने को उन्होंने अपने विरोध का तरीका बना लिया।

दीपक का आरोप है कि वृंदावन में लगातार गंदे नाले यमुना नदी में गिर रहे हैं, जिससे पानी तेजी से प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रशासन की निगरानी के बावजूद हालात में कोई बड़ा सुधार नहीं दिखाई दे रहा। इसी वजह से उन्होंने यह अनोखा तरीका अपनाकर अधिकारियों और लोगों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचने की कोशिश की।

अब विरोध प्रदर्शन भी बदल चुका है…

कहीं लोग पोस्टर लेकर खड़े हैं,

तो कहीं कोई कॉकरोच बनकर सिस्टम को आईना दिखा रहा है।@⁨Adnan⁩