नवीदुल हसन

टैरिफ को लेकर अमेरिका-भारत में तल्खी: ट्रंप बोले– ‘मुझसे खुश नहीं हैं प्रधानमंत्री मोदी’, रूसी तेल और अपाचे हेलीकॉप्टर का भी किया ज़िक्र

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे पूरी तरह खुश नहीं हैं। ट्रंप के मुताबिक इसकी सबसे बड़ी वजह अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ (आयात शुल्क) हैं, जो खासतौर पर रूस से तेल खरीदने को लेकर लगाए गए हैं।

मंगलवार को वॉशिंगटन में हाउस रिपब्लिकन पार्टी के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से उनके रिश्ते अच्छे हैं, लेकिन टैरिफ के कारण भारत को काफी ज्यादा भुगतान करना पड़ रहा है।

ट्रंप ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में कहा, “प्रधानमंत्री मोदी मुझसे मिलने आए और कहा, ‘सर, क्या मैं आपसे मिल सकता हूं?’ मेरे उनके साथ अच्छे संबंध हैं, लेकिन वह मुझसे बहुत खुश नहीं हैं, क्योंकि अब भारत को भारी टैरिफ देना पड़ रहा है।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत लंबे समय तक रूस से तेल खरीदता रहा है, जिसकी वजह से अमेरिका ने उस पर सख्त टैरिफ लगाए। हालांकि ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अब भारत ने रूस से तेल की खरीद में काफी कमी कर दी है।

ट्रंप प्रशासन ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया है। इसमें से 25 प्रतिशत टैरिफ खास तौर पर रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया है। यह फैसला दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों में तनाव का कारण बना है।

इसके अलावा ट्रंप ने भारत को मिलने वाले अपाचे हेलीकॉप्टरों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत पिछले पांच साल से अपाचे हेलीकॉप्टरों का इंतजार कर रहा है। ट्रंप के अनुसार, भारत ने कुल 68 अपाचे हेलीकॉप्टरों का ऑर्डर दिया है।

ट्रंप ने कहा, “हम इस व्यवस्था को बदल रहे हैं। भारत ने 68 अपाचे हेलीकॉप्टर ऑर्डर किए हैं और अब हम इस पर काम कर रहे हैं।” उनके इस बयान से संकेत मिलता है कि हेलीकॉप्टरों की डिलीवरी प्रक्रिया में बदलाव किया जा सकता है।

इस पूरे बयान से साफ है कि अमेरिका और भारत के बीच व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सौदों को लेकर मतभेद बने हुए हैं, हालांकि दोनों देश सार्वजनिक रूप से अपने रिश्तों को मजबूत बताते रहे हैं।