तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राहुल गांधी को लेकर बड़ा दावा किया है। रेवंत रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी लोकसभा चुनावों में ‘INDIA’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
लोकसभा चुनाव 2029 में अभी समय है। हालांकि, कांग्रेस के भीतर अभी से ही पीएम उम्मीदवार को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने INDIA गठबंधन में पीएम पद की दावेदारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अगले आम चुनावों के लिए राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अगले एक दशक तक केंद्र की सत्ता में बनी रह सकती है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि 2028 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जीत दर्ज करेगी और वह दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बने रहेंगे। एक मीडिया संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी लोकसभा चुनावों में INDIA गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले राहुल गांधी को अपना प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करेगी और उसके बाद INDIA गठबंधन में शामिल दलों को इसके लिए राजी करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि INDIA गठबंधन एक नीति दस्तावेज जारी करेगा, जिसके आधार पर वह जनता से जनादेश मांगेगा।
‘2028 में कांग्रेस की होगी जीत’
रेवंत रेड्डी ने भरोसा जताया कि जनता 2028 में कांग्रेस को एक और कार्यकाल देगी। उन्होंने कहा कि वह 2034 के बाद मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे और अगली पीढ़ी को नेतृत्व सौंप देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनते देखना है और भविष्य में राहुल गांधी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देंगे, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में राज्य सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री को आरोपों का जवाब देना चाहिए और पुलिस के साथ सहयोग करना चाहिए।
पीएम मोदी के बयान पर क्या कहा?
हैदराबाद में हाल ही में आयोजित एक आधिकारिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘मेरे साथ जुड़ें’ वाले बयान पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री केवल विकास कार्यों में सहयोग की बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह संवाद राज्य और केंद्र सरकार के बीच समन्वय को लेकर था।
रेवंत रेड्डी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी मेरी
राजनीतिक प्रतिबद्धता से पूरी तरह अवगत हैं।” उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पूर्ववर्ती के. चंद्रशेखर राव ने विकास के मुद्दों पर केंद्र सरकार के साथ कभी बेहतर समन्वय नहीं किया।
