मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज किडनैपिंग का मामला सामने आया है। दिल्ली की एक IAS कोचिंग से जुड़ी महिला डायरेक्टर को उनके ही परिचित ने बंधक बनाकर करोड़ों रुपये की फिरौती वसूलने का आरोप लगा है।

पुलिस के अनुसार, इस वारदात का मुख्य आरोपी कोचिंग से जुड़ा एक पूर्व छात्र और फ्रेंचाइजी पार्टनर बताया जा रहा है। उसने नई ब्रांच खोलने के बहाने पीड़िता को भोपाल बुलाया। यहां पहुंचने के बाद आरोपी और उसके साथियों ने उन्हें एक फ्लैट में बंधक बना लिया।


जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने करीब 3 से 4 घंटे तक महिला को डराया-धमकाया और इस दौरान उनसे करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। घटना के दौरान बाहर तेज आवाज में धार्मिक पाठ चलाए जाने की भी बात सामने आई है, ताकि पीड़िता की आवाज बाहर तक न पहुंच सके। हालांकि, इस पहलू की पुलिस जांच अभी जारी है।

घटना के बाद मुख्य आरोपी विदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे भोपाल के एक अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया। अब तक इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कुछ अन्य की तलाश जारी है।


पुलिस ने जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी, उन्हें तत्काल फ्रीज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफर की गई रकम का बड़ा हिस्सा सुरक्षित कर लिया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।