गाजीपुर जिले के भदौरा प्रखंड अंतर्गत ग्राम सभा उसीया में युवा समाजसेवी और पूर्व ग्राम प्रधान प्रत्याशी इमरान खान इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से शिक्षित इमरान खान गांव के विकास और सामाजिक कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपने निजी व्यवसाय को पीछे छोड़कर पूरी तरह गांव और समाज की सेवा को प्राथमिकता दी है।


बिना किसी सरकारी पद पर रहते हुए भी इमरान खान लगातार सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार उनकी सादगी, मिलनसार स्वभाव और साफ-सुथरी छवि उन्हें अन्य लोगों से अलग पहचान दिलाती है। यही वजह है कि गांव के युवाओं और बुजुर्गों के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।


हाल ही में इमरान खान की पहल पर उसीया गांव में एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस रोजगार मेले में हजारों ग्रामीण युवाओं ने भाग लिया, जहां उन्हें विभिन्न कंपनियों और संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का आयोजन क्षेत्र में पहली बार देखने को मिला, जिससे बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं को लाभ पहुंचा।


ग्रामीणों का मानना है कि यदि इसी तरह समाज के पढ़े-लिखे युवा आगे आकर गांवों के विकास में योगदान दें, तो ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदली जा सकती है। इमरान खान की यह पहल आज पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग उनके कार्यों की सराहना कर रहे हैं।