अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को अमेरिकी सेना ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई करने के बाद कहा कि उसके हमले फिलहाल पूरे हो चुके हैं। लेकिन इसके कुछ ही समय बाद ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया। बहरीन में सायरन बजने की खबर के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

बहरीन में अलर्ट, ईरान ने 18 ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बहरीन और कुवैत समेत 18 महत्वपूर्ण अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई करने का दावा किया है। ईरान का कहना है कि यह हमला अमेरिकी एयरस्ट्राइक के जवाब में किया गया। वहीं बहरीन के गृह मंत्रालय ने सायरन बजने की पुष्टि करते हुए लोगों से शांत रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। हालांकि कुवैत में किसी बड़े नुकसान या सायरन बजने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिकी सेना ने क्या कहा?

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि उसकी सेना ने ईरान के सैन्य निगरानी सिस्टम, संचार नेटवर्क और एयर डिफेंस ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिका का दावा है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए की गई। CENTCOM के अनुसार फिलहाल उसकी सैन्य कार्रवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

फिलहाल दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर बना हुआ है। पिछले दो दिनों में एक जैसा घटनाक्रम देखने को मिला है पहले अमेरिका ने हमला किया और फिर ईरान ने जवाबी कार्रवाई का दावा किया। हालांकि किसी भी पक्ष ने बड़े पैमाने पर हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी नहीं दी है। मध्य पूर्व के कई देशों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई इसी तरह जारी रही तो क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है। अभी तक किसी बड़े युद्ध की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।