पटना, 27 जून 2026: विश्व संगीत दिवस के उपलक्ष्य में 'विश्व संगीत दिवस उत्सव सह सम्मान समारोह 2026' का आयोजन शुक्रवार को पटना म्यूज़ियम, बुद्ध मार्ग स्थित सभागार में किया गया। इस एक दिवसीय उत्सव का आयोजन “परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट एडुकेटर्स ऑफ बिहार” द्वारा बिहार म्यूज़ियम, पटना के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में गीत-संगीत, नृत्य, नाटक तथा जादू कला की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ-साथ 'कला शिक्षा की चुनौतियां' विषय पर पैनल डिस्कशन और कला शिक्षा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
आर्ट एडुकेटर्स अवार्ड 2026 से सम्मानित हुए मो. अम्मार
समारोह के मुख्य अतिथि बिहार संग्रहालय के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एससीईआरटी, पटना के संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेन्द्र कुमार, बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक श्री अशोक कुमार सिन्हा, मगध महिला कॉलेज की प्रो. नीरा चौधरी तथा एलएनएमयू, दरभंगा की प्रो. लावण्या कीर्ति सिंह 'काव्या' उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत कार्यरत संगीत, नृत्य, ललित कला और रंगमंच विषय के 60 शिक्षकों, व्याख्याताओं एवं प्राध्यापकों को कला शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए “आर्ट एडुकेटर्स अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में +2 मुंशी लाल मंडल उच्च विद्यालय, बस्तौल, कटिहार के ललित कला शिक्षक मो. अम्मार को भी कला शिक्षा में सराहनीय योगदान हेतु “आर्ट एडुकेटर्स अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें एससीईआरटी, बिहार के संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेन्द्र कुमार के कर-कमलों से प्रदान किया गया।
