श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस स्क्वॉड में पहली बार मध्यप्रदेश के स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर सारांश जैन को मौका मिला है। टीम में रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है, जबकि साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से मिलने वाली फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगी। वहीं वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। सीरीज से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिन का प्रैक्टिस मैच भी खेलेगी।
Who is Saransh Jain: कौन हैं सारांश जैन? जिसे पहली बार मिला टेस्ट टीम में मौका, गंभीर का बन सकते हैं बड़ा हथियारSource : Abp news.com
कौन हैं टीम इंडिया के नए खिलाड़ी?
15 सदस्यीय भारतीय टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज सारांश जैन का चयन माना जा रहा है। मध्यप्रदेश के 33 वर्षीय इस ऑलराउंडर को घरेलू क्रिकेट में एक दशक से ज्यादा समय तक लगातार प्रदर्शन करने के बाद पहली बार सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली है। दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर और बाएं हाथ के बल्लेबाज सारांश लंबे समय से रेड-बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। श्रीलंका दौरे पर इंडिया-ए के लिए उनके दमदार प्रदर्शन के बाद उन्हें यह मौका मिला है। दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में उन्होंने श्रीलंका-ए की पहली पारी में चार और दूसरी पारी में दो विकेट लिए थे। इसके अलावा उन्होंने नाबाद 70 रन भी बनाए, जिससे इंडिया-ए ने मुकाबला 10 विकेट से जीतकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रहा प्रदर्शन
मध्यप्रदेश की टीम के अहम सदस्य के रूप में सारांश जैन ने लगातार अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। उन्होंने 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 27.3 की औसत से 188 विकेट लिए हैं। लोअर ऑर्डर में उपयोगी बल्लेबाजी करने वाले सारांश ने 31.75 की औसत से 2223 रन भी बनाए हैं, जिसमें 14 अर्धशतक और दो शतक शामिल हैं। पिछले साल सितंबर में उन्होंने सेंट्रल जोन को दिलीप ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। दो मैचों में उन्होंने 16 विकेट लेने के साथ 136 रन भी बनाए थे। इसके बाद 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 57.55 की औसत से 518 रन बनाए और 20.43 की औसत से 30 विकेट हासिल किए।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन को शामिल किया गया है। साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह का चयन फिटनेस मंजूरी के अधीन रहेगा।
