1

नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली है, जबकि पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 अगस्त के लिए नया मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड समेत 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं कुछ राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट, दिनभर बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह की शुरुआत से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 अगस्त को भी राजधानी में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। IMD ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड, यूपी और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

वहीं उत्तर प्रदेश में 6 और 7 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। IMD के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में 6 से 8 अगस्त के बीच भारी वर्षा हो सकती है।

17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, झारखंड, असम, मेघालय, महाराष्ट्र, कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।