बिहार में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट | Source: Chrome

बिहार में बारिश और तेज हवाओं का अलर्टSource : Chrome

बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। राज्य के 12 जिलों में आज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए ऑरेंज और 7 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

इन 12 जिलों में जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में येलो अलर्ट है।इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी

बारिश के दौरान कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में मौसम खराब होने पर लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर बिहार में ज्यादा सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर बिहार और सीमांचल में फिलहाल बारिश की गतिविधियां ज्यादा देखने को मिल रही हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाओं और कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से इन इलाकों में मौसम सक्रिय बना हुआ है।मॉनसून ट्रफ के उत्तर-पश्चिम दिशा में मजबूत होने का असर भी बारिश के रूप में दिखाई दे रहा है। इसके मुकाबले दक्षिण बिहार में मानसून कमजोर रहने के कारण कई जगहों पर उमस और गर्मी का असर बना हुआ है।

अगले दो दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक बिहार में मौसम का यह बदलाव जारी रह सकता है। 17 अगस्त को दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर बिहार और सीमांचल में भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है।इसके बाद 18 अगस्त को भी कई इलाकों में खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिम चंपारण, सीवान और सारण के अलावा उत्तर और दक्षिण बिहार के अन्य जिलों में भी बारिश और मौसम बिगड़ने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

पिछले 24 घंटों में बिहार के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधि सीमित रही। कई जिलों में बादल और धूप के बीच मौसम बदलता रहा। पटना, मुजफ्फरपुर, गया, मोतिहारी और दरभंगा समेत कई जगहों पर धूप-छांव का दौर देखा गया। कुछ जिलों में तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई।

पटना में उमस से मिलेगी राहत?

राजधानी पटना में सुबह धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना है। हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।