
शादाब चौहान ने सपा पर साधा निशाना
Source: Chrome
उत्तर प्रदेश की सियासत में मोहम्मद अली जौहर और आजम खान को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी और भाजपा दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने जौहर को लेकर दिए गए बयान पर चुप्पी साध ली और कहा कि योगी आदित्यनाथ और शिवपाल यादव के बयानों के पीछे उन्हें ‘मैच फिक्सिंग’ जैसी स्थिति नजर आती है।
मोहम्मद अली जौहर को लेकर योगी के बयान पर आपत्ति
शादाब चौहान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े प्रमुख नेताओं में शामिल थे और महात्मा गांधी के साथ भी आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया था।AIMIM नेता ने दावा किया कि जौहर का निधन 1931 में हो गया था, ऐसे में उन पर देश के विभाजन की जिम्मेदारी डालना ऐतिहासिक तथ्यों के लिहाज से गलत है।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
शादाब चौहान ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर किसी मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानी के बारे में सवाल उठाए जाते हैं तो सपा को उसका जवाब देना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुस्लिम वोटों की राजनीति तो करती है, लेकिन मुस्लिम नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े मुद्दों पर खुलकर सामने नहीं आती।
‘योगी और शिवपाल के बीच मैच फिक्सिंग’ का आरोप
AIMIM प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम को देखकर ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शिवपाल यादव के बीच ‘मैच फिक्सिंग’ जैसी स्थिति है।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मतभेद हैं तो फिर कई पुराने मामलों और मुद्दों पर जांच क्यों नहीं हुई।शादाब चौहान ने शिवपाल यादव के पीडब्ल्यूडी विभाग से जुड़े पुराने मामलों के साथ-साथ अखिलेश यादव के कार्यकाल में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गोमती रिवरफ्रंट परियोजनाओं से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया।
शिवपाल के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, शिवपाल यादव ने हाल ही में आजम खान और उनके परिवार से मुलाकात के बाद कहा था कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को गृहमंत्री बनाया जाएगा।इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार करते हुए कहा था कि सपा ऐसे व्यक्ति को गृहमंत्री बनाने की बात कर रही है, जिसने भारत के विभाजन के लिए जिम्मेदार बताए जाने वाले मोहम्मद अली जौहर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया।इसी बयान पर अब शादाब चौहान ने मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी दोनों को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि AIMIM ऐसे मामलों में संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखती रहेगी।
