Source: NDTV

Source: NDTV

UP News: भदोही के पूर्व विधायक और बाहुबली विजय मिश्र के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में मौजूद उनकी करीब 100.25 करोड़ रुपये की दाल मिल को कुर्क कर लिया गया। यह दाल मिल लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज के नाम से चल रही थी। पुलिस का कहना है कि यह संपत्ति अपराध से कमाए गए अवैध पैसे से बनाई गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि यह संपत्ति विजय मिश्र ने अपने दामाद के नाम पर खरीदी थी। भदोही जिला प्रशासन की टीम महाराष्ट्र पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए संपत्ति को अपने कब्जे में ले लिया।

भदोही प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर कुर्की की पूरी कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, विजय मिश्र और उनके गैंग की आर्थिक गतिविधियों की जांच के दौरान इस दाल मिल की जानकारी मिली थी। जांच में यह भी पता चला कि मिल का संचालन विजय मिश्र के दामाद के नाम से किया जा रहा था। इसके बाद जिला प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दाल मिल को कुर्क कर दिया।

विजय मिश्र पर 70 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस रिकॉरअनुसार मुताबिक, भदोही के पूर्व विधायक विजय मिश्र के खिलाफ हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट समेत 70 से ज्यादाआपराधिक मामले दर्ज हैं। उन पर वाराणसी की एक गायिका से दुष्कर्म का आरोप भी लगाया गया था। फिलहाल विजय मिश्र आगरा सेंट्रल जेल में बंद हैं।

अब तक कई मामलों में अदालतें विजय मिश्र को दोषी ठहरा चुकी हैं। इसी साल भदोही की एमपी-एमएलए कोर्ट ने जमीन कब्जाने के एक मामले में विजय मिश्र, उनकी पत्नी और बेटे को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने 46 साल पुराने हत्या के मामले में भी उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई है।

उत्तर प्रदेश पुलिस और जिला प्रशासन का कहना है कि विजय मिश्र की दूसरी संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। जांच में अगर कोई संपत्ति गलत तरीके से कमाए गए पैसे से खरीदी गई मिलती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। अधिकारियों के मुताबिक, आगे भी ऐसी संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त और कुर्क करने की कार्रवाई जारी रहेगी।