अमेरिका के साथ संभावित शांति वार्ता के बीच ईरान ने एक बार फिर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर कड़ा रुख अपनाया है ईरान के उप विदेश मंत्री Kazem Gharibabadi ने ब्रिटेन और फ्रांस को चेतावनी देते हुए कहा कि होर्मुज क्षेत्र किसी भी बाहरी सैन्य शक्ति के प्रदर्शन का मंच नहीं है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की सुरक्षा तटीय देशों की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की सैन्य गतिविधि के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
ईरान ने X पर क्या कहा?
शनिवार (4 जुलाई 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए पोस्ट में काजेम गरीबाबादी ने कहा कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा का जिम्मेदार देश होने के नाते, इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में होने वाली हर सैन्य गतिविधि पर करीबी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि जो भी बाहरी ताकतें इस क्षेत्र में अस्थिरता पैदा करेंगी, उन्हें उसके परिणामों के लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा
ब्रिटेन और फ्रांस के बयान पर प्रतिक्रिया
ईरान की यह प्रतिक्रिया उस संयुक्त बयान के बाद आई है जिसमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री Keir Starmer और फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सहयोग बढ़ाने की बात कही थी।
UK-फ्रांस ने क्या कहा?
ब्रिटेन और फ्रांस के संयुक्त बयान में कहा गया कि Oman ने अपने संप्रभु जलक्षेत्र में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दोनों देशों के साथ सहयोग पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग बताते हुए नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने पर जोर दिया।
मल्टीनेशनल मिशन की तैयारी
संयुक्त बयान में यह भी कहा गया कि जरूरत पड़ने पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बहुराष्ट्रीय सैन्य मिशन तैनात करने की तैयारी है। ब्रिटेन और फ्रांस ने क्षेत्रीय स्थिरता, अंतरराष्ट्रीय कानून, समुद्री सुरक्षा और सभी देशों की संप्रभुता के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
क्यों अहम है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज?
Strait of Hormuz दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी जलमार्ग से होकर गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय व्यापार, ऊर्जा बाजार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर व्यापक असर डाल सकता है
