नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिज़वी के समर्थन में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने एकजुट होकर पुलिस से शिकायत की है।

शिकायत में भूपेंद्र पाल सिंह, हारिस उल हक और 4 अन्य लोगों के विरुद्ध कथित रूप से भ्रामक और मानहानिकारक प्रचार फैलाने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज करने की मांग की गई है।

शिकायत के अनुसार, जामिया के विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों ने संयुक्त आवेदन पर हस्ताक्षर कर जामिया नगर थाने में शिकायत सौंपी है। आरोप है कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग ग्रुप्स के जरिए विश्वविद्यालय प्रशासन और रजिस्ट्रार के बारे में तथ्यहीन सामग्री प्रसारित की जा रही है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि रजिस्ट्रार द्वारा पारदर्शिता और नियम-आधारित प्रशासन पर जोर दिए जाने के बाद यह दुष्प्रचार किया जा रहा है। इसे संस्थान की गरिमा पर हमला बताया गया है।

पुलिस को सौंपे गए आवेदन में मानहानि, आपराधिक साजिश और IT Act के तहत जांच की मांग की गई है। शिकायत के साथ कथित आपत्तिजनक पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए गए हैं।