छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के उमरेठ क्षेत्र स्थित कुंडालीकला PM श्री स्कूल में एक शिक्षिका के व्यवहार को लेकर विवाद गहरा गया है। कक्षा 6वीं के अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों और उनके पालकों ने शिक्षिका भावना शर्मा पर पढ़ाई के दौरान अभद्र, अपमानजनक और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पालक स्कूल पहुंचे और प्राचार्य को लिखित आवेदन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे।
विद्यार्थियों ने शिक्षिका के व्यवहार पर जताई आपत्ति
जानकारी के अनुसार, कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि शिक्षिका पढ़ाई के दौरान उनसे अनुचित भाषा में बात करती हैं। बच्चों का कहना है कि कक्षा में उनसे ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जाता है, जिससे वे मानसिक रूप से असहज और भयभीत महसूस करते हैं। विद्यार्थियों की शिकायत सामने आने के बाद मामला अभिभावकों तक पहुंचा और उन्होंने स्कूल प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
पालकों ने लिखित शिकायत देकर की कार्रवाई की मांग
बच्चों की शिकायत के बाद बड़ी संख्या में पालक स्कूल पहुंचे और प्राचार्य को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शिक्षिका विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान अपशब्दों का इस्तेमाल करती हैं, जिससे बच्चों पर मानसिक दबाव पड़ रहा है। कई अभिभावकों ने शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर कर शिक्षिका के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
पालकों ने स्पष्ट कहा कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने किया स्कूल का निरीक्षण
बुधवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश बेलवंशी स्कूल पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षिका बच्चों के सामने "चाकू मार दूंगी", "मर्डर कर दूंगी" और "जूते मारूंगी" जैसे शब्दों का इस्तेमाल करती हैं।
इसके बाद उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को पत्र लिखकर शिक्षिका को तत्काल स्कूल से हटाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्राचार्य बोले- पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें
स्कूल के प्राचार्य दिनेश शर्मा ने बताया कि संबंधित शिक्षिका के खिलाफ पहले भी शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। इस बार कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों की शिकायत के आधार पर शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपों पर शिक्षिका ने दी अपनी प्रतिक्रिया
शिक्षिका भावना शर्मा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर कहा कि उन्हें फिलहाल शिकायत की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि वे उस समय कक्षा ले रही थीं और बाद में इस विषय पर अपनी प्रतिक्रिया देंगी।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल मामला स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग के संज्ञान में है। जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत भेजी जा चुकी है और जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या निर्णय लेता है।
