1

नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली क्लीन चिट का स्वागत करते हुए उनकी जमकर तारीफ की। सोनिया गांधी ने कहा कि मनमोहन सिंह की ईमानदारी और जवाबदेही का रिकॉर्ड मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार के काम करने के तरीके से बिल्कुल अलग रहा है। उन्होंने कहा कि इतिहास मनमोहन सिंह को एक मृदुभाषी, सौम्य और महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री के तौर पर हमेशा याद रखेगा।

सोनिया गांधी ने मंगलवार को ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित अपने लेख में कहा कि 29 जुलाई 2026 भारतीय राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण, लेकिन काफी हद तक अनदेखा दिन रहा। इसी दिन सुप्रीम कोर्ट ने कथित कोयला घोटाला मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के आधार पर मनमोहन सिंह को दी गई क्लीन चिट को बरकरार रखा।

मनमोहन सिंह के खिलाफ अभियान को लेकर सोनिया का बड़ा आरोप

सोनिया गांधी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला मनमोहन सिंह के खिलाफ चलाए गए लंबे राजनीतिक अभियान के एक दुखद अध्याय का अंत है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को असाधारण शुचिता और ईमानदारी वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ अभियान सुनियोजित तरीके से चलाया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस अभियान में नौकरशाही, मीडिया, न्यायपालिका, नागरिक संगठनों और आरएसएस-भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका रही। सोनिया गांधी के मुताबिक, मनमोहन सिंह की सार्वजनिक छवि को जिस तरह नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, वह भारतीय राजनीति के सबसे दुखद अध्यायों में से एक है।

पीएम मोदी की पुरानी टिप्पणी का भी किया जिक्र

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उनकी पुरानी टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान मनमोहन सिंह को जिस तरह निशाना बनाया गया, उसे लेकर इतिहास में सवाल उठेंगे। सोनिया गांधी ने राज्यसभा में 8 फरवरी 2017 को प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मनमोहन सिंह को लेकर की गई ‘रेनकोट पहनकर नहाने की कला’ वाली टिप्पणी का जिक्र करते हुए इसे संसदीय इतिहास के सबसे निम्न स्तरों में से एक बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों छात्रों द्वारा अपने ऊपर की जा रही आलोचना को लेकर उन्हें ‘माफ’ करने की बात कहते हैं, इसलिए शायद वह मनमोहन सिंह को कथित तौर पर बदनाम किए जाने के लिए खुद को भी माफ कर सकते हैं।

ईडी-सीबीआई के इस्तेमाल को लेकर केंद्र पर निशाना

सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक नेताओं पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह के कार्यकाल का बचाव करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने देश में बड़े आर्थिक बदलावों की शुरुआत की थी। उनके मुताबिक, उस दौरान निजी निवेश और खपत को बढ़ावा मिला तथा भारत ने अभूतपूर्व आर्थिक विकास का दौर देखा। उन्होंने दावा किया कि 2008 के वैश्विक आर्थिक संकट के दौरान भी भारतीय अर्थव्यवस्था ने अपनी मजबूती का प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह की ईमानदारी, सौम्यता और सार्वजनिक जीवन में उनकी भूमिका को देश लंबे समय तक याद रखेगा।