
Source: Pinterest
Skin Care Tips: गर्मियों के मौसम में तेज धूप और यूवी किरणें त्वचा को काफी नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसकी वजह से टैनिंग की समस्या बढ़ जाती है और स्कीन अपनी चमक खोने लगती है। ऐसे में कई लोग सिर्फ सनस्क्रीन पर भरोसा करते हैं, लेकिन धूप से बचने के लिए इतना करना ही काफी नहीं है।
अगर आप अपनी स्कीन को टैनिंग से बचाना चाहते हैं, तो कुछ अच्छी आदतों को अपनी डेली रूटीन में शामिल करना जरूरी है। सही स्किन केयर, संतुलित खान पान और धूप में निकलते समय थोड़ी सावधानी आपकी स्कीन को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद कर सकती है।
सिर्फ सनस्क्रीन नहीं, ये बातें भी हैं जरूरी
सनस्क्रीन स्किन की सुरक्षा के लिए जरूरी है, लेकिन इसका सही वक़्त पर इस्तेमाल करना बेहद अहम है। घर से बाहर निकलने से करीब आधे घंटे पहले इसे लगाएं और जरूरत पड़ने पर दोबारा भी इस्तेमाल करें। इसके साथ ही तेज धूप से बचें, चेहरे और हाथों को ढककर बाहर निकलें और शरीर को भरपूर पानी देते रहें। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर टैनिंग के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
धूप में निकलने के समय रखें ध्यान
गर्मियों में दोपहर के समय सूरज की किरणें सबसे ज्यादा तेज होती हैं। इस दौरान लंबे समय तक धूप में रहने से स्कीन पर टैनिंग की समस्या बढ़ सकती है और स्कीन अपनी प्राकृतिक चमक खो सकती है। इसलिए कोशिश करें कि सुबह या शाम के समय ही बाहर निकलें। अगर किसी जरूरी काम से दोपहर में बाहर जाना पड़े, तो धूप से बचने के लिए पहले से तैयारी कर लें। तेज धूप से बचने की यह छोटी-सी आदत आपकी स्कीन को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद कर सकती है।
सिर्फ चेहरे ही नहीं, शरीर के बाकी हिस्सों का भी रखें ख्याल
अक्सर लोग धूप से बचने के लिए सिर्फ चेहरे पर ध्यान देते हैं, लेकिन हाथ, गर्दन, पैर और शरीर के दूसरे खुले हिस्से भी सूरज की किरणों से प्रभावित होते हैं। ऐसे में इन हिस्सों की सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। बाहर निकलते समय पूरे शरीर को ढकने वाले हल्के कपड़े पहनें और छाता, टोपी, स्कार्फ और सनग्लास जैसी चीजों का इस्तेमाल करें। लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों के लिए ये उपाय और भी ज्यादा जरूरी हो जाते हैं। सिर्फ स्किन प्रोडक्ट्स पर निर्भर रहने के बजाय इन आदतों को भी अपनी डेली रूटीन मे शामिल करना चाहिए।
खान-पान और और रोजाना की देखभाल पर दें खास ध्यान
स्कीन को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने के लिए सिर्फ बाहरी देखभाल ही नहीं, बल्कि सही खान-पान भी जरूरी है। शरीर में पानी की कमी होने से स्कीन रूखी और बेजान लग सकती है। इसलिए दिनभर ज्यादा मात्रा में पानी पिएं और अपने खाने में फल, हरी सब्जियां और पोषक तत्वों से भरपूर चीजों को शामिल करें। इसके अलावा, बाहर से घर लौटने के बाद चेहरे और शरीर की अच्छी तरह सफाई करें और मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि टैनिंग कोई ऐसी समस्या नहीं है, जो एक दो दिन में ठीक हो जाए। स्कीन को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए नियमित देखभाल और धूप से बचाव की आदतें अपनाना बेहद जरूरी है।
